होली खेलने के बाद पति पत्नी की मौत बाथरूम में लगे गीजर की वजह से हुई दुर्घटना

होली खेलने के बाद नहाने गए केमिकल फैक्ट्री मालिक दीपक गोयल और उनकी पत्नी शिल्पी गोयल की बाथरूम में मौत हो गई। दोनों के शव बाथरूम में ही पड़े मिले हैं। पुलिस का मानना है कि गैस गीजर से दम घुटने से दोनों की मौत हुई है। बाथरूम में वेंटिलेशन नहीं था। पुलिस को बाथरूम के अंदर सिलेंडर और गीजर मिले हैं।

गाजियाबाद। बुधवार को होली खेलने के बाद नहाने गए केमिकल फैक्ट्री मालिक दीपक गोयल और उनकी पत्नी शिल्पी गोयल की बाथरूम में मौत हो गई। दोनों के शव बाथरूम में ही पड़े मिले हैं। पुलिस का मानना है कि गैस गीजर से दम घुटने से दोनों की मौत हुई है। बाथरूम में वेंटिलेशन नहीं था। पुलिस को बाथरूम के अंदर सिलेंडर और गीजर मिले हैं। फिलहाल, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। दीपक गोयल (40) और पत्नी शिल्पी (36) अपने दो बच्चों के साथ मुरादनगर की अग्रसेन कॉलोनी में रहते थे। शाम करीब 4 बजे वह नहाने के लिए बाथरूम गए। जब एक घंटे तक बाहर नहीं निकले और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो बच्चों को कुछ शक हुआ। बच्चों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद बच्चों ने पड़ोसियों को बताया।

पड़ोसियों ने आकर कांच तोड़कर दरवाजे की कुंडी खोली, तो पति-पत्नी बेसुध जमीन पर पड़े मिले। उन्हें तुरंत यशोदा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। हॉस्पिटल से मुरादनगर थाना पुलिस को पति-पत्नी की मौत की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस घर पहुंची। एक पुलिस अफसर ने बताया, जब वो जांच के लिए बाथरूम के अंदर पहुंचे, तो घुटन जैसी महसूस हुई। प्रॉपर वेंटिलेशन का इंतजाम नहीं था। बाथरूम में किसी तरह के कोई संदिग्ध हालात नहीं मिले हैं।
दीपक गोयल ने कुछ महीनों पहले ही पेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल की फैक्ट्री गाजियाबाद में खोली थी। पत्नी शिल्पी हाउस वाइफ थी। परिवार में दो बच्चे थे, इसमें बेटी 14 साल और बेटा 12 साल का है। दीपक के एक भाई है, जो कस्बा मुरादनगर के मोहल्ला ब्रह्म सिंह में रहते हैं। परिजन ने भी गैस गीजर से दम घुटने से दोनों की मौत की बात कही है।