शाहरुख का बेटा कैदी नंबर 956, ड्रग्स केस में नहीं मिली जमानत

मुंबई। चर्चित क्रूज ड्रग्स केस में फंसे अभिनेता शाहरूख खान के लाडले आर्यन खान को राहत नहीं मिल पाई है। आर्यन खान को अब 19 अक्टूबर तक जेल में रहना पड़ेगा। मुंबई की आर्थर रोड जेल में वह बंद है। दरअसल आर्यन खान को गुरुवार को भी जमानत नहीं मिल पाई। अब 5 दिन तक कोर्ट में अवकाश है। यानी अगले 5 दिन तक आर्यन को जेल में रहना पड़ेगा। गुरुवार को करीब साढ़े 4 घंटे की बहस के बाद वीवी पाटिल की कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। अब 20 अक्टूबर को कोर्ट में जमानत पर फैसला सुनाया जाएगा।

इस मामले में दोनों पक्ष की तरफ से सुनवाई पूरी हो चुकी है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान की ओर से कोर्ट में अधिवक्ता अमित देसाई और सतीश मानशिंदे ने पैरवी की। जबकि एनसीबी की तरफ से एएसजी अनिल सिंह, स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर अद्वैत सेठना और एएम चिमालकर मौजूद रहे। मुंबई में क्रूज पर ड्रग्स पार्टी प्रकरण में मुंबई सेशन कोर्ट ने आर्यन खान की जमानत याचिका पर सुनवाई कर 20 अक्टूबर तक आदेश को सुरक्षित कर लिया है। मुंबई सेशन कोर्ट द्वारा अब 20 अक्टूबर को जमानत याचिका पर फैसला सुनाया जाएगा। ऐसे में आर्यन खान को तब तक जेल में वक्त गुजारना पड़ेगा। 15 से 19 अक्टूूबर तक मुंबई सेशंस कोर्ट की छुट्टी रहेगी।

विजयदशमी के कारण हाई कोर्ट और सेशंस कोर्ट दोनों 5 दिन के लिए बंद रहेंगे। फिलहाल आर्यन खान को जमानत मिलने तक जेल में रहना पड़ेगा। बता दें कि आर्यन खान के सपोर्ट में कुछ फिल्मी सितारें भी उतर आए हैं। उधर, आर्यन खान आर्थर जेल में कैदी नंबर-956 है। आर्यन को जेल में कैदी नंबर-956 के नाम से बुलाया जाएगा। उधर, शाहरूख खान ने बेटे को मनी आॅर्डर के जरिए साढ़े 4 हजार रुपए भिजवाए हैं।