जानलेवा चारा : गौशाला में 70 गायों की मौत

30 की हालत खराब, नगर निगम ने बैठाई जांच

पंचकूला। हरियाणा के जनपद पंचकूला से बड़ी खबर सामने आई है। वहां गौशाला में एकाएक 70 गायों की मौत होने से हड़कंप मच गया। इसके अलावा 30 गायों की हालत गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है। घटना का कारण जहरीले चारे को माना जा रहा है। हरकत में आए नगर निगम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना की जा रही है। जनपद के एमडीसी में श्री माता मनसा देवी में माता मनसा देवी गोधाम गौशाला है। वहां एकाएक 70 गायों की मौत और 30 की हालत गंभीर होने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की सूचना पाकर पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद टीम ने फूड प्वाइजनिंग के कारण गौशाला में गाय, बछड़े और बैलों की मौत होने की बात कही है। सभी गायों के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। पशु चिकित्सक टीम ने गौशाला से चारे के सैंपल व मृत गायों के सैंपल लिए हैं। जांच में यह भी प्रकाश में आया है कि चारे में जहरीले पदार्थ का अंश मिला होने के कारण पशुओं की जान गई है। वहीं, पंचकूला नगर निगम के एस्टेट ऑफिसर जनरैल सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांचोपरांत दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। कुछ प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि किसानों द्वारा खेतों में कीटनाशक दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। गौशाला प्रबंधन ने पशुओं के लिए बड़ी मात्रा में चारा खरीद कर स्टोर किया था। कुछ पशुओं को बाड़े में चारा डाला गया था। चारा खाने के बाद पशुओं की मौत हो गई। मृत पशुओं के मुंह और आंख से खून बह रहा था। पशु चिकित्सा विभाग का कहना है कि चारे के सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। घायल पशुओं का उपचार चल रहा है।