कोरोना संक्रमण से भाजपा विधायक की मौत

मेदांता अस्पताल में भर्ती थीं किरण माहेश्वरी

जयपुर। राजस्थान में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप रूक नहीं पाया है। कोरोना संक्रमण के कारण अब भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी का निधन हो गया। वह गुरुग्राम के मेंदाता अस्पताल में भर्ती थीं। जहां सोमवार को तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली। किरण के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी भाजपा विधायक के निधन पर शोक प्रकट किया है। राजस्थान के राजसमंद से किरण माहेश्वरी विधायक थीं। आम जनता से किरण का सीधा जुड़ाव रहा। वह 3 बार राजसमंद से विधायक और एक बार उदयपुर-राजसमंद सांसद भी रहीं। विगत 29 अक्तूबर 1961 को जन्मी किरण का पीहर घोसुंडा चित्तौडग़ढ़ में और ससुराल उदयपुर में है। उनके पति सत्य नारायण माहेश्वरी हैं। परिवार में पति के अलावा एक बेटा व एक बेटी है। पति मार्बल व्यवसायी हैं। एम. कॉम की पढ़ाई करने के बाद राजसमंद और उदयपुर जिला किरण का मुख्य राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र रहा। कुछ दिन पहले किरण माहेश्वरी कोरोना वायरस की चपेट में आ गई थीं। बाद में उन्हें उपचार के लिए हरियाणा के ग्रुरुग्राम में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान सोमवार को तड़के किरण का निणन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी दु:ख जताया है। गहलोत ने ट्वीट किया कि भाजपा नेता और राजसमंद की विधायक किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से दुखी हूं। इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। भगवान उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति दे। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी किरण माहेश्वरी के निधन पर संवेदना जाहिर की है। बता दें कि इससे पहले भीलवाड़ा के सहाड़ा विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का भी कोरोना के कारण निधन हो गया था। राजस्थान में कोरोना का प्रकोप जोरों पर है।