बसपा नेता का बेटा बना राम भक्त बोला मोदी और योगी से हूं प्रभावित पूरा हो रहा है हिंदुओं का सपना

– पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बसपा के कद्दावर नेता रामवीर उपाध्याय का पूरा परिवार मिलकर खिलाएंगे कमल

– रामवीर उपाध्याय ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी से की थी मुलाकात रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में सदस्यता लेने पहुंचा बेटा चिराग उपाध्याय

– बसपा के ब्राह्मण कार्ड कि काट ढूंढने में जुटा भगवा ब्रिगेड, सतीश मिश्रा के बाद बसपा के दूसरे सबसे बड़े ब्राम्हण नेता थे रामवीर उपाध्याय

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ/आगरा/गाजियाबाद। राजनीति में कब कहां क्या हो जाए और कौन किस के पाले में चला जाए यह बता पाना बेहद मुश्किल है। कल तक जो नेता यह दावा कर रहे थे कि उनकी रगों में बहने वाला खून भी नीला है और बहन जी के लिए समर्पित है। आज उनका खून भगवा हो गया है और उत्तर प्रदेश में कमल खिलाने को तैयार है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बसपा के कद्दावर नेता माने जाने वाले रामवीर उपाध्याय का पूरा परिवार अब मोदी और योगी धुन गुनगुना रहा है। रामवीर उपाध्याय ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  के साथ मुलाकात की थी  और अब रविवार को उनका बेटा चिराग उपाध्याय समर्थकों के साथ भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में सदस्यता लेने पहुंच गया। हालांकि रविवार को सदस्यता कार्यक्रम टाल दिया गया लेकिन सूत्र बताते हैं कि लखनऊ में जल्द ही भव्य तरीके से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी। रामवीर उपाध्याय को भगवा खेमे में लाकर योगी आदित्यनाथ विपक्ष द्वारा चलाए जा रहे भाजपा के ब्राह्मण विरोधी अभियान की हवा निकालना चाहते हैं।
पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय भाजपा का दामन थामने की फिराक में हैं यह कयास लंबे समय से लगाए जा रहे थे। उधर, उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों को साधने के लिए भाजपा भी मिशन में जुटी है। सियासी गलियारों में यह सवाल एकाएक चर्चाओं में नहीं आया बल्कि लंबे समय से  ऐसी चर्चाएं  चल रही थी। बस उसकी पुष्टि नहीं हो रही थी। बसपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री रामवीर उपाध्याय द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने के बाद इन बातों को स्थायित्व मिल गया है। दरअसल पूर्व मंत्री उपाध्याय ने शनिवार की शाम अचानक सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ भेंट की थी। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हल्कों में तरह-तरह की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। चर्चा है कि ब्राह्मण समाज को साधने की खातिर पूर्व मंत्री उपाध्याय को भाजपा ज्वाइन कराया जा सकता है। उपाध्याय के साथ उनके पुत्र चिराग उपाध्याय भी भाजपा के साथ जुड़ेंगे यह तय है। सूत्र बताते हैं कि रविवार को रामदेव उपाध्य ने अपनी रणनीति बदली और पहले बेटे चिराग को  भाजपा में  ज्वाइन कराने  की सहमति दी।
भाजपा ज्वाइन करने के लिए पार्टी के ब्रज क्षेत्र कार्यालय पहुंचे चिराग उपाध्याय ने कहा कि मैं राम भक्त हूं और अब ऐसा लग रहा है कि भाजपा हिंदुओं को पुराना गौरव लौटा कर देगी। चिराग ने कहा कि मैं पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से काफी प्रभावित हूं। अयोध्या में अब भव्य राम मंदिर बनने जा रहा है। मैं बीजेपी की विचारधारा से प्रभावित हूं। मैं अब इस विचारधारा से जुड़कर देश की सेवा करना चाहता हूं। चिराग उपाध्याय ने कहा कि जिस स्वछंदता से बीजेपी में कोई भी कार्यकर्त्ता काम कर सकता है। वैसा किसी अन्य पार्टी में नहीं है। राम मंदिर निर्माण का काम प्रारंभ होने से मेरे जैसे  लाखों-करोड़ों लोग प्रभावित हुए हैं।
बसपा सरकार में था रामवीर का रुतबा
उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार के कार्यकाल में रामवीर उपाध्याय का क्या रुतबा था  यह गाजियाबाद  के लोगों से बेहतर और कौन जानता होगा। बसपा सुप्रीमो मायावती के बेहद करीबी माने जाने वाले  रामवीर उपाध्याय को पार्टी ने वह सब कुछ दिया  जो एक बड़े नेता को मिलना चाहिए। लेकिन  सरकार जाने और पार्टी के कमजोर होने के बाद से  बसपा सुप्रीमो  एवं रामवीर उपाध्याय के बीच दूरियां बढ़ने लगी। लोकसभा चुनाव के दौरान रामवीर उपाध्याय का भाजपा प्रत्याशी के साथ गर्म-जोशी भरा रिश्ता बसपा सुप्रीमो को खटक गया। चुनाव नतीजे आने से पहले उपाध्याय को बसपा से सस्पेंड कर दिया था। बसपा से एमएलसी रहे एवं गाजियाबाद लोकसभा से बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके रामवीर के छोटे भाई मुकुल उपाध्याय पहले ही भाजपा ज्वाइन कर चुके हैं।