नहर में समाई यात्रियों से भरी बस, 32 की मौत

मध्य प्रदेश में भयावह हादसा, 11 जानें बचाई गईं

भोपाल। मध्य प्रदेश में मंगलवार को भयावह सड़क हादसा प्रकाश में आया है। अनियंत्रित होकर यात्री बस नहर में जा गिरी। हादसे में 32 यात्रियों की जान चली गई। 11 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से पुलिस ने इंकार नहीं किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस हादसे पर गहरा दुख जाहिर किया है। सीएम ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मध्य प्रदेश के सीधी में यह दुर्घटना हुई है। पुलिस के मुताबिक जबलानाथ परिहार ट्रेवल्स की बस सीधी से सतना की तरफ जा रही थी। बस की क्षमता 32 सवारियों की थी, मगर इसमें करीब 60 यात्री सवार कर लिए गए थे। सीधी मार्ग पर छुहिया घाटी के रास्ते बस को सतना जाना था, मगर जाम के कारण चालक ने रूट बदल दिया। वह नहर किनारे संकरे रास्ते से बस को ले जाने लगा। सीधी से 80 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद चुरहट और रामपुर नैकिन पार करने के बाद बड़ा कस्बा के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर नहर में समा गई। हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नहर में सर्च अभियान में गौताखोरों की मदद ली गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर नहर के जल स्तर को कम करने के लिए सिहावल नहर के गेट खोल दिए गए हैं। बाणसागर नहर के पानी को सिहावल नहर में भेजा जा रहा है ताकि जल स्तर कम होने पर नागरिकों को बचाया जा सके। उधर, इस हादसे के बाद शिवराज सरकार ने कैबिनेट मीटिंग को स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।