मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने गोरखपुर में पौधरोपण किया, पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग न करने की अपील

-जीडीए द्वारा शहर में किए जा रहे विकास कार्यों का लिया जायजा

गोरखपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर सोमवार गोरखपुर में रामगढ़ ताल के किनारे जल क्रीड़ा परिसर के पास यूपी मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने मौलश्री का पौधा लगाया। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा लगातार बढ़ रहे प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन के बहुतेरे अनुभवों को देखते हुए आज विश्व पर्यावरण दिवस की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। जीवन रक्षक पौधों को लगाने के लिए हर किसी को आगे आना चाहिए। जितने भी पौधे रोपित किए जाएं उनके उचित देखभाल तथा बड़ा करने की जिम्मेदारी सभी उठाएंगे तभी अभियान सफल होगा। सामाजिक संगठन विभागों से समन्वय करके कार्यालय परिसरों तथा शासकीय भूमि पर पौधरोपण कर सकते हैं।

हम भले ही कम पौधे रोपित करें लेकिन जो पौधे लगाएं उन्हें बड़ा अवश्य करें। इस दौरान मुख्य सचिव ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में कई योजनाएं लांच की गई हैं और शहर में विकास कार्य तेजी से हो रहा है। महेंद्र सिंह तंवर पर्यावरण को लेकर काफी सजग रहते है। ऐसे में इनके द्वारा गोरखपुर शहर में अधिक से अधिक पेड़ लगाकर हरियाली विकसित की जा रही है।

मुख्य सचिव ने कहा हर व्यक्ति को अपने जीवन काल में कम से कम 10 पौधे तो अवश्य ही लगाने चाहिए। इनमें नीम, बड़, पीपल, आंवला, जामुन व आम आदि के पौधे शामिल हो सकते हैं। ये पौधे ऐसे हैं जो वृक्ष बनने तक हमें कई प्रकार के लाभ देते हैं। पीपल ऐसा वृक्ष है जो 24 घंटे हमें आक्सीजन देता है। अन्य पौधे आक्सीजन के साथ ही दवाओं के रूप में काम आते हैं और फल देकर हमारी सेहत बनाते हैं। पर्यावरण की जो हालत हो रही है उसे अधिक से अधिक पौधे लगाकर ही बचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस का ध्येय वाक्य है ‘सॉलूशन तो प्लास्टिक पॉल्युशन। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें। साथ ही पर्यावरण को बचाने में अपने योगदान के रूप में संकल्प लेकर ऐसा लाइफ स्टाइल अपनाएं जो पर्यावरण के अनुकूल हो। जीवन काल में अनेकों प्रकार के सामाजिक कार्य करते हैं। पौधरोपण सबसे अहम कार्य है। इसके बिना जीवन सफल नहीं हो सकता। इस दौरान गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर उपस्थित रहे।