नवरात्रों में दुरूस्त रखी जाए मंदिरों में सफाई व्यवस्था: डॉ. नितिन गौड़

-नगर आयुक्त ने देवी मंदिरों में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

गाजियाबाद। चैत्र नवरात्रों के चलते नगर निगम द्वारा शहर के मंदिरों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखे जाने को लेकर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के साथ शहर के कई मंदिरों में जाकर मौके पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नवरात्रों के चलते शहर के मंदिरों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए। नवरात्रि महोत्सव के अंतिम 3 दिनों में सप्तमी, अष्टमी, रामनवमी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में होती है। नगर आयुक्त ने देवी मंदिरों में जाकर वहां की सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने बताया कि शहर के सभी मंदिरों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नेेहरू नगर स्थित माता वैष्णो मंदिर, मोहन नगर स्थित माता मंदिर, वसुंधरा स्थित माता मंदिर, सिटीजन स्थित देवी मंदिर समेत कई मुख्य मंदिरों का औचक निरीक्षण किया।

सफाई ठीक मिलने पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी को मौके पर ओर अधिक बेहतर तरीके से सफाई कराने के निर्देश दिए। जलकल विभाग को प्रतिदिन पानी का छिड़काव के लिए आदेश दिए। मंदिर के पुजारी से भी वार्ता की गई। सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। मंदिरों के साथ-साथ मस्जिद पर भी सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशन में गीला-सूखा कूड़ा कचरा अलग-अलग रखने के लिए सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई हैं। मंदिरों में से निकलने वाली पूजा सामग्री को भी अलग गाडिय़ों में मंदिरों से एकत्र कराया जा रहा है। ताकि उसका उचित निस्तारण कराया जा सकें। रात्रि में भी सफाई व्यवस्था बेहतर कराई जा रही है इसके अलावा एक विशेष टीम मंदिरों के लिए बनाई गई है। यह टीम धार्मिक स्थलों पर सफाई अभियान चला रही है।

नगर आयुक्त ने पानी की आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि नवरात्रि महोत्सव के अंतिम 3 दिनों में सप्तमी, अष्टमी, रामनवमी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में होती है। जिसे लेकर सभी मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था को बेहरत किया जाए। साथ ही मंदिर के पुजारियों एवं श्रृद्धालुओं को भी कचरे-पृथक्करण को लेकर नगर निगम की टीम जागरुक करने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में अपना योगदान दें। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बनी रहें।