अटैक : कांग्रेस बोली, एमपी में श्वराज चरम पर

सिंधिया की चुनावी सभा में किसान की मौत

भोपाल। मध्य प्रदेश के खंडवा में रविवार को भाजपा के स्टार प्रचारक ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुनावी सभा के दौरान किसान की आकस्मिक मौत हो गई। इससे वहां एकाएक अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों ने किसान की मौत का कारण हॉर्ट अटैक होना बताया है। उधर, चुनावी माहौल में कांग्रेस ने भाजपा पर करारा हमला किया है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा है कि श्वराज चरम पर है। ट्वीट के जरिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सीधा हमला बोला है। मध्य प्रदेश में 3 नवम्बर को उप-चुनाव होने हैं। विधान सभा की 28 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव मैदान में कांग्रेस और भाजपा ने ताल ठोंक रखी है। दोनों दल निरंतर चुनावी सभा कर मतदाताओं को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा के स्टार प्रचारक ज्योतिरादित्य सिंधिया की खंडवा के मूंदी में चुनावी सभा आयोजित की गई थी। सभा में किसान किसान जीवन सिंह की आकस्मिक मौत हो गई। जीवन ने कुर्सी पर बैठे-बैठे दम तोड़ दिया। किसान को आनन-फानन में नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक किसान जीवन सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई है। उधर, जब ज्योतिरादित्य सिंधिया को किसान की मौत का पता चला तो उन्होंने मंच पर से किसान को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह पुन: बोलने लगे। कार्यक्रम में खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान भी मौजूद थे। भाजपा की चुनावी सभा में किसान की मौत होने पर कांग्रेस ने हमला करने में देरी नहीं की। कांग्रेस ने ट्वीट में किसान की मौत के बावजूद सिंधिया का भाषण जारी रहने पर भाजपा की आलोचना की। कांग्रेस ने सिंधिया के बहाने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी तंज कसा है। ट्वीट में कहा गया है कि श्वराज चरम पर है।