कांग्रेसियों का बवाल, पूर्व मुख्यमंत्री गिरफ्तार

कृषि कानूनों के खिलाफ पथराव व तोड़-फोड़

भोपाल। नए कृषि कानूनों का विरोध रूक नहीं रहा है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। राजभवन की ओर कूच करने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़कर पथराव कर दिया। ऐसे में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर आंसू गैस के गोले भी छोड़े। बाद में पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को सेंट्रल जेल भेजा गया है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को राजभवन के घेराव का ऐलान किया था। काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान जवाहर चौक पहुंचे। रोशनपुरा आते-आते कांग्रेस कार्यकर्ता एकाएक उग्र हो गए। आरोप है कि कांग्रेसियों ने पुलिस पर पथराव कर अवरोध तोड़ दिए। प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर आंसू गैस के गोले भी छोड़े। बाद में पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधायक कुणाल चौधरी, जयवर्धन सिंह, पीसी शर्मा आदि नेताओं को गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल भेज दिया। राजभवन कूच करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि केंद्र ने किसानों के लिए काले कानून बनाए हैं। नए कानून लागू होने के बाद किसान उद्योगपतियों का बंधुआ मजदूर बन जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि जब तक किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार कोई फैसला नहीं करती, तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेगी। उधर, कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने केंद्र सरकार के फिलहाल कृषि कानून लागू नहीं करने के आश्वासन को किसानों की आंशिक जीत बताया है। वहीं, पुलिस द्वारा बल प्रयोग करने पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि किसानों के समर्थन में आज मध्य प्रदेश के भोपाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसान भाइयों व कांग्रेसियों पर शिवराज सरकार के ईशारे पर किए गए बर्बर लाठीचार्ज, आंसू गैस व वॉटर केनन छोड़े जाने की व गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं।