वित्तीय वर्ष 22-23 के अंतिम दिन निगम ने की 20 करोड़ की वसूली

-नगर आयुक्त ने जागरूक करदाताओं का जताया आभार

गाजियाबाद। हाउस टैक्स को लेकर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ की मुहिम आखिरकार सार्थक साबित हुई।
नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 22-23 के आखिरी दिन में शुक्रवार को 20 करोड़ की वसूली की गई। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ द्वारा समस्त टीम को मोटिवेट किया गया। लगातार बकाया हाउस टैक्स जमा करने की प्रक्रिया जारी है, ऑनलाइन लगभग 8 करोड़ की वसूली की गई है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार वसूली की प्रक्रिया को तेज करते हुए लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिसमें जोनल प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में बकाया हाउस टैक्स की वसूली की गई। विजयनगर जोन से लगभग 55 लाख, मोहन नगर जोन से लगभग 55 लाख, कवि नगर जोन से लगभग डेढ़ करोड़, वसुंधरा जोन से लगभग 3 करोड़, सिटी जोन से लगभग 3 करोड़ पचास लाख की वसूली की गई। जोनल प्रभारियों द्वारा लगातार कार्यवाही जारी है। इस प्रकार शहर हित में वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 20 करोड़ की वसूली की गई। उन्होंने कहा 1 अप्रैल से बकाया टैक्स जमा करने वालों पर ब्याज के साथ हाउस टैक्स की वसूली की जाएगी।

सम्मानित करदाताओं का नगर आयुक्त ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय अनुसार अपना हाउस टैक्स जमा कर निगम द्वारा दी जा रही छूट का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही बड़े बकायेदारों से अपील भी की गई कि निगम की कार्रवाई से बचने के लिए अपना बकाया हाउस टैक्स जमा कराएं।