जानलेवा सेल्फी, 7 लड़कियां डूबीं, एक की मौत

देवास के राजानल तालाब में हादसे से हड़कंप

देवास। सेल्फी का चक्कर कब जानलेवा बन जाए, कहना मुश्किल है। इसके बावजूद सेल्फी प्रेमी जान को खतरे में डालने से नहीं चूकते हैं। देवास में सेल्फी लेने की जल्दबाजी में 7 लड़कियां और महिलाएं अचानक तालाब में डूब गईं। जिनमें से 6 की जान बच गई। डूबने से एक किशोरी की मौत हो गई। इस हादसे से सरकारी तंत्र में एकाएक हड़कंप मच गया। किशोरी अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ पिकनिक मनाने वहां आई थी। पुलिस के मुताबिक देवास के राजानल तालाब में यह हादसा घटा। तालाब के पास जाकर किशोरी मोबाइल से सेल्फी लेने लगी। किशोरी को बचाने के लिए एक के बाद एक 6 लड़कियां और महिलाएं तालाब में कूद गईं। यह देखकर वहां मौजूद मछुआरे और चरवाहे एकाएक तालाब में कूद गए। मछुआरों और चरवाहों की मदद से 6 लड़कियों और महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया, मगर किशोरी की जान चली गई। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। दिन निकलने पर पुन: लड़की की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद लड़की का शव बरामद हो गया। पुलिस का कहना है कि खटांबा में अपने रिश्तेदार के घर आई किशोरी पिकनिक मनाने के लिए राजानल तालाब गई थी। बीएनपी थानांतर्गत शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर राजानल तालाब है। पुलिस ने बताया कि हादसे में किशोरी नुज्जत (14) निवासी सांवेर की मौत हुई है। हादसे की सूचना पाकर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ की टीम की मदद ली गई। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने बताया कि तालाब किनारे सेल्फी लेने में लापरवाही बरते जाने के कारण यह घटना घटी है। गहरे पानी में डूब जाने के कारण किशोरी की जान चली गई।