गांव लखनवाड़ा में संपर्क मार्ग का जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने किया शिलान्यास

-विकास कार्यों का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के इंतजार की घड़ी समाप्त

बुलंदशहर। ग्रामों में विकास कार्यों का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई हैं। जिला पंचायत बुलंदशहर द्वारा लंबित विकास कार्यों की शुरुआत कर दी गई है। विकास कार्यों को लेकर पिछले काफी समय से ग्रामीण बाट जोह रहे थे। लेकिन अब उनके इंतजार की घड़ी पूरी हो गई है। शासन द्वारा माह जनवरी में गौतमबुद्धनगर में तैनात अपर मुख्य अधिकारी धर्म जीत त्रिपाठी को बुलंदशहर में तैनात किया गया। तैनाती के बाद शासन के मंशानुरूप पारदर्शी तरीके से लंबित टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले ही धरातल पर विकास कार्य उतारकर विकास कार्यों की शुरुआत करा दी गई है।

रविवार को जिला पंचायत बुलंदशहर द्वारा 45 करोड़ के निर्माण कार्यों की ग्रामीणों को सौगात दी गई। इसी क्रम में रविवार को विधानसभा खुर्जा के अन्तर्गत अरनिया ब्लॉक के गांव लखनवाड़ा में संपर्क मार्ग का जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ अंतुल तेवतिया एवं अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने संयुक्त रुप से शिलान्यास किया। ग्रामवासियों ने अध्यक्ष जिला पंचायत का गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ ही विकास कार्यों के प्रति ग्रामीणों द्वारा अध्यक्ष जिला पंचायत का आभार भी प्रकट किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने कहा कि सरकार की नीतियों में ग्रामीण विकास महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता है। इसी क्रम में जनपद में जहां भी विकास की आवश्यकता है, वहां कराया जाएगा। विकास कोई भी हो, लेकिन उसकी पहली शुरुआत ग्रामीण क्षेत्रों से ही होती हैं। इसलिए अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो चुकी है। 45 करोड़ की लागत से जिला पंचायत अंतर्गत सभी गांवों में जल्द ही विकास कार्य कराए जाएगें। निर्माण कार्य पूरा होने पर ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। भाजपा सरकार में गांवों में भी शहर की तर्ज पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार की ओर से विकास के कार्य करवाए जा रहे हैं। भाजपा सरकार ने आज सबका साथ सबका विकास के नारे को साकार कर दिया है। यह विकास रुकने वाला नही हैं।

अपर मुख्य अधिकारी धर्म जीत त्रिपाठी ने बताया कि शासन द्वारा विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से समयबद्ध जनोपयोगी व गुणवत्तापरक कार्य कराना प्राथमिकता है। विधानसभा खुर्जा के अन्तर्गत अरनिया ब्लॉक के लखनवाड़ा में करीब 17 लाख की लागत से नाली, खंडज़ा, डाबर एवं आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य होना है। जिसका शिलान्यास कर दिया गया है। निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामाग्री की गुणवत्ता का भी ध्यान रखने के लिए संबधित ठेकेदार को निर्देश दिए गये है। जिला पंचायत अंतर्गत गांवों में विकास कार्यों की शुरुआत हो चुकी है।

इसके अलावा गांवों में जाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति भी जागरुक करने का काम किया जा रहा हैं। इसी क्रम में आगामी वित्तीय वर्ष 2023-24 के कार्ययोजना के दृष्टिगत 8 अप्रैल को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक जिला पंचायत सभागार में आहूत की गई है। गौरतलब हो कि गौतमबुद्धनगर में तैनाती के दौरान अपर मुख्य अधिकारी धर्म जीत त्रिपाठी ने अपने कार्यों की बदौलत खूब वाहवाही लूटी है। अपने कार्यकाल में गौतमबुद्धनगर के गावों में जल संरक्षण, तालाबों का संरक्षण, सफाई अभियान, शिक्षा के प्रति जागरुक आदि कार्यों को बखूबी अंजाम दिया।