चुनावी घोषणा : 100 रुपए में देंगे 100 यूनिट बिजली

कांग्रेस ने लुभावना वचन पत्र जारी किया

भोपाल। मध्य प्रदेश में उप-चुनाव की सरगर्मी जोरों पर हैं। इस बीच कांग्रेस ने मतदाताओं को रिझाने के लिए वचन पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देने का वादा किया है। इसके अलावा किसानों का कर्जा माफ करने की बात कही गई है। 28 सीटों पर उप-चुनाव होना है। इन सभी सीटों को जीतने के लिए कांग्रेस काफी उतावली नजर आ रही है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को कांग्रेस का वचन पत्र जारी किया। इसके तहत कांग्रेस ने 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देने, किसानों का कर्जा माफ करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में वृद्धि करने, कोरोना संकट में सुरक्षा पेंशन योजना लागू करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा वर्करों के मानदेय को बढ़ाने, महिला स्व-सहायता समूह को लोन देने, छोटे उद्यमी और कारीगरों को 50 हजार तक का ऋण बिना ब्याज पर देने, गौधन सेवा योजना को शुरू करने आदि की घोषणा की है। वचन पत्र में कुल 52 बिंदुओं को जगह दी गई है। प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि सत्ता में आने के बाद वह वचनों को पूरा करने का काम करेंगे। वचन पत्र के मुख्य पृष्ठ पर राहुल गांधी, इंदिरा गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी की तस्वीर के साथ कमलनाथ को भी वचन पत्र के फ्रंट में रखा गया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि कमलनाथ सरकार में प्रदेश को खुशियां देने का काम किया गया। लोकतंत्र की रक्षा के लिए पुन: कांग्रेस की सरकार का सत्ता में आना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस का साथ दे रही है। कांग्रेस अपने वचनों के सहारे सत्ता में आने का काम करेगी। बता दें कि उप-चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दल ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। मतदाताओं को रिझाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।