पूर्व पार्षद की हत्या में विधायक पर एफआईआर

ठेकेदारी भी करते थे दया वर्मा, एक हिरासत में

पटना। बिहार में पूर्व पार्षद की हत्या के मामले में सत्ता पक्ष के विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में विधायक के अलावा 2 अन्य व्यक्तियों को नामजद कराया गया है। बिहार के बगहा में पूर्व पार्षद दया वर्मा उर्फ दयानंद वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह ठेकेदारी भी करते थे। वारदात के समय पूर्व पार्षद दया वर्मा कुछ समर्थकों के साथ सड़क पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इस बीच बाइक सवार कुछ बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया था। बाद में दया वर्मा को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, मगर रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर छानबीन की। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने हत्या के इस मामले में वाल्मीकि नगर विधान सभा क्षेत्र के विधायक रिंकू सिंह के अलावा शकील और बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रिंकू सिंह जनता दल (यू) के विधायक हैं। बगहा के पुलिस अधीक्षक किरण कुमार जाधव ने बताया कि पूर्व पार्षद दया वर्मा की पत्नी कुमुद वर्मा के शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। उधर, वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ कर पूछताछ की है। जानकारी के अनुसार पूर्व पार्षद दया वर्मा ठेकेदार भी थे। माना यह भी जा रहा है कि ठेके के विवाद के कारण दया वर्मा की हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि बिहार में आपराधिक घटनाएं न रूकने से विपक्ष नीतीश सरकार के खिलाफ हमलावर हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ रहा है। राज्य में सिलसिलेवार ढंग से वारदातें हो रही हैं।