अमेरिका के निशाने पर कमला हैरिस की भांजी

व्हाइट हाउस के वकीलों ने दे डाली नसीहत

नई दिल्ली। अमेरिकी उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस को व्हाइट हाउस के वकीलों ने नसीहत दे डाली है। मीना ने भारत में जारी किसान आंदोलन के समर्थन में कुछ दिन पहले ट्वीट कर सुर्खियां बटोरी थीं। व्हाइट हाउस के वकीलों ने कहा है कि वह अपना ब्रांड चमकाने को कमला हैरिस के नाम का प्रयोग न करें। मीना हैरिस पेशे से वकील हैं। उन्होंने किसान आंदोलन पर टिप्पणी की थी। ट्वीट कर मीना हैरिस ने लिखा था कि यह कोई संयोग नहीं है कि दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र पर एक माह पहले हमला किया गया और अब सबसे बड़े लोकतंत्र पर हमला किया हो रहा है। हम सभी को भारत में इंटरनेट शट डाउन और किसान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैरामिलिट्री हिंसा के विरोध में आवाज उठानी चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के हवाला से बताया गया कि व्हाइट हाउस के वकीलों ने मीना हैरिस को अपने व्यवहार में परिवर्तन लाने को कहा है। उन्हें यह ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं कि वह अपनी ब्रांडिंग के लिए उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का प्रयोग कतई न करें। मीना को किसी भी कॉमर्शियल प्रोग्राम के लिए उप-राष्ट्रपति के नाम का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई है। कमला हैरिस के उप-राष्ट्रपति बनने के बाद मीना के प्रमोशनल इवेंट्स सहित अन्य गतिविधियों पर व्हाइट हाउस भी निरंतर नजर रख रहा है। अमेरिका में मीना हैरिस वकील के साथ-साथ सोशल मीडिया विशेषज्ञ के तौर पर मशहूर हैं। इंस्टाग्राम पर मीना के करीब 8 लाख फॉलोअर्स हैं। जहां वह निजी और राजनीतिक पोस्ट करती रहती हैं। इसके अलावा मीना को कई किताबों से शोहरत मिली है। इसके अलावा वह फिनोमिनल नाम से महिलाओं के वस्त्रों के ब्रांड को भी चलाती हैं। बता दें कि किसान आंदोलन को सपोर्ट करने के कारण मीना हैरिस को काफी आलोचना का शिकार भी होना पड़ा था।