गाजियाबाद में साइकिल, हाथी और पंजा को कमल ने रौंदा भाजपा प्रत्याशी सुनीता दयाल 2,87,656 वोटों से विजयी

– दूसरे नंबर पर बसपा की निसारा, 11 महापौर प्रत्याशियों की जमानत जब्त

गाजियाबाद। आखिर शहर की सरकार बनने का शनिवार को हुई मतगणना के बाद रास्ता साफ हो गया। विधानसभा चुनाव की कामयाबी को दोहराते हुए नगर निगम की महापौर पद पर भाजपा की सुनीता दयाल को रिकॉर्डतोड़ मतों से विजयी घोषित किया गया। भाजपा की सुनीता दयाल को कुल 3,50,905 वोट मिले। सुनीता दयाल ने 2,87,656 वोटों से महापौर का चुनाव जीती हैं। इनके सामने बहुजन समाज पार्टी की निसारा खान दूसरे नंबर पर रहीं। निसारा खान को कुल 63,249 वोट मिले। जबकि कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी पुष्पा रावत को 58,951 वोट मिले। सपा-रालोद गठबंधन की महापौर प्रत्याशी पूनम यादव चौथे नंबर रहीं। इन्हें कुल 57,608 वोट ही मिल पाए। महापौर पद के लिए कुल 12 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं। महापौर विजयी हुई सुनीता दयाल को छोड़कर बसपा,सपा-रालोद गठबंधन,कांग्रेस समेत अन्य 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। भाजपा की महापौर सुनीता दयाल के नाम एक और इतिहास जुड़ गया। सुनीता दयाल से पहले महापौर पद पर भाजपा के पूर्व के प्रत्याशियों ने आज तक इतने भारी मतों से जीत दर्ज नहीं कराई। महापौर पद के लिए चुनाव मैदान में भाजपा ने सुनीता दयाल को उम्मीदवार बनाया था।

यह भी पढ़े : जीते हुए पार्षदों की पूरी लिस्ट देखें गाजियाबाद के किस वार्ड में कौन जीता किस पार्षद को मिला कितना वोट

जबकि सपा ने पूनम यादव, बसपा ने निसारा खान, कांग्रेस ने पुष्पा रावत,आम आदमी पार्टी ने जानकी बिष्ट को चुनाव मैदान में उतारा था। गुरुवार 11 मई को हुए मतदान में नगर निगम के लिए 39.33 फीसदी वोटिंग हुई थी। नगर निगम के सभी 100 वार्डों के लिए 1275 बूथ पर 2528 ईवीएम मशीन लगाई गई थी। खास बात यह है कि  13 मई शनिवार को नगर निगम महापौर व पार्षदों के अलावा खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद और डासना नगर पंचायत के चेयरमैन व सभासद प्रत्याशियों की गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में मतगणना देर शाम तक संपन्न हुई। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतगणना संपन्न कराने के लिए किए गये दावों का धरातल पर उतारकर चुनाव को सकुशल संपन्न कराया।

रिटर्निंग ऑफिसर ने दिया जीत का सर्टिफिकेट
शाम को करीब 6 बजे महापौर पद के लिए भाजपा की प्रत्याशी सुनीता दयाल को रिटर्निंग ऑफिसर एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव ने विजयी घोषित कर दिया। मंडी स्थित काउंटिंग पंडाल में महापौर चुनीं गई सुनीता दयाल को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, पूर्व महापौर आशु वर्मा, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विजय मोहन, एमएलसी दिनेश गोयल, पार्षद विनय चौधरी आदि की मौजूदगी में रिटर्निंग ऑफिसर विवेक श्रीवास्तव ने उन्हें जीत का सर्टिफिकेट प्रदान किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने सुनीता दयाल के महापौर चुने जाने पर मंडी के गेट के बाहर रोड पर फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग उप्र के पूर्व सदस्य व पूर्व महानगर संयोजक सरदार एसपी सिंह, महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, समन्वयक संजय कुशवाह व समाजसेवी गगनदीप सिंह अरोड़ा ने फूलों का बुके भेंट कर बधाई दी। इनके अलावा जिले में लोनी,मुरादनगर,मोदीनगर नगर पालिका परिषद के अलावा नगर पंचायत पतला, निवाड़ी, फरीदनगर की लोनी, मोदीनगर में मतगणना संपन्न हुई। मतगणना के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम मशीनों व मतपेटियों को स्ट्रांग रूम से लाकर मतगणना स्थल पंडाल में ले जाया गया। सुबह करीब 9 बजे से शुरू हुई मतगणना शाम 7 बजे शांतिपूर्ण तरीके से जिले के तीनों मतगणना स्थलों पर संपन्न हो गई।

महापौर पद की प्रत्याशियों को कुल मिले वोट
महापौर पद के लिए कुल 12 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं। भाजपा की महापौर प्रत्याशी सुनीता दयाल को 3,50,905 वोट मिले।रिकॉर्डतोड़ 2,87,656 मतों से यह विजयी घोषित की गई। इसके अलावा बसपा की निसारा खान को 63,249 वोट मिले।कांग्रेस की प्रत्याशी पुष्पा रावत को 58951 वोट मिले। सपा- रालोद गठबंधन प्रत्याशी पूनम यादव को 57,608 वोट मिले। आम आदमी पार्टी की जानकी बिष्ट-21,232 वोट,आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ओवैसी प्रत्याशी शहनाज दिलशाद-26045 वोट,जन अधिकार पार्टी प्रत्याशी पिंकी-4762 वोट, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी प्रत्याशी प्रिया गुप्ता-5523 वोट, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रत्याशी सविता यादव-1885 वोट,निर्दलीय नीतू त्यागी-2539 वोट, नीरज प्रकाश-1769 वोट, निर्दलीय चौधरी बबीता डागर-4312 वोट मिले। कुल मिलाकर 603730 वोट इन प्रत्याशियों को मिले।