मेयर ने लौटाई इनोवा कार, पार्षदों के मोबाइल नंबर भी हुए बंद

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम से महापौर और पार्षदों का बीते 23 जनवरी को कार्यकाल खत्म हो जाने के बाद निवर्तमान महापौर आशा शर्मा ने इनोवा कार लौटा दी है। यह इनोवा कार कई दिनों से नगर निगम मुख्यालय में खड़ी थी। आशा शर्मा के महापौर बनने के बाद नगर निगम ने यह नई दो इनोवा लग्जरी कार खरीदी थी। इनमें एक महापौर आशा शर्मा और दूसरी कार नगर आयुक्त को दी गई थी। हालांकि इससे पहले जब तेलूराम कांबोज महापौर बने थे तो तब एक इनोवा कार खरीदी गई थी।
इसके बाद में तत्कालीन नगर आयुक्त ने लिए भी एक इनोवा कार खरीदी थी। दोनों कार अब अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव और शिवपूजन यादव को आवंटित है। नगर निगम से कार्यकाल खत्म होने के बाद चार दिन पहले ही निवर्तमान महापौर आशा शर्मा ने मोबाइल नंबर, इनोवा कार, कर्मचारी आदि को वापिस लौटा दिया था।
वहीं, नगर आयुक्त के निर्देश पर 100 पार्षदों को आवंटित मोबाइल नंबरों को भी बंद करा दिया गया है। पार्षदों ने यह सिम नंबर नहीं लौटाए तो इन सभी नंबरों को अब नगर निगम की ओर से बंद कराए जाने के बाद पार्षदों को फ्री में कॉल करने की सुविधा पर भी ब्रेक लग गया हैं।