महानगर की बनी सरकार: मंडलायुक्त ने महापौर सुनीता दयाल को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

-महापौर ने 15-15 पार्षदों को कराई शपथ ग्रहण, भगवामय में ली सभी ने शपथ

-निगम अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था, कमिश्नरेट पुलिस की अभेद सुरक्षा व्यवस्था

गाजियाबाद। आखिर नगर निकाय चुनाव में प्रचंड मतों से जीत दर्ज करने वाली नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर सुनीता दयाल ने शनिवार शाम को भगवामय माहौल में वंदे मातरम गान के बाद पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। नेहरू नगर स्थित नगर निगम के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. पहुंची। मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे.ने ऑडिटोरियम में ठीक 4.52बजे महापौर सुनीता दयाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई। महापौर सुनीता दयाल ने 2.87 हजार मतों से प्रचंड जीत हासिल की थी। महापौर के शपथ लेने के बाद महापौर सुनीता दयाल ने 100 पार्षदों को 15-15 पार्षदों को स्टेज पर बुलाकर शपथ ग्रहण कराई। शपथ ग्रहण करने से पहले वंदे मातरम गान किया गया।

शपथ ग्रहण के दौरान पुलिस फोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहीं। बगैर एंट्री पास और डीएफएमडी मशीन से होकर ही अंदर प्रवेश दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से 300 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, विधायक अतुल गर्ग, विधायक सुनील शर्मा, विधायक अजितपाल त्यागी, एमएलसी दिनेश चंद्र गोयल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा एवं पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ मुख्य रूप से मंचासीन रहे।

नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने मंत्री व विधायकों को फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। नगर निगम प्रशासन की ओर से कई दिनों से ऑडिटोरियम में शपथ ग्रहण की तैयारियां की जा रही थीं। शपथ ग्रहण समारोह निर्धारित समय शाम पांच बजे से पहले ही शुरू हो गया। करीब पौने घंटे में महापौर व 100 पार्षदों ने पथ एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ऑडिटोरियम की सभी कुर्सी भर गई। ऑडिटोरियम में 100 पार्षदों के साथ उनके परिजन, बच्चे तक भी शामिल हुए। नगर निगम के इस ऑडिटोरियम में 960 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। मगर लोग इससे अधिक शामिल हुए।

महापौर ने पद एवं गोपनीयता की ली शपथ, चुनौतियों भरा होगा कार्यकाल
मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. ने नवनिर्वाचित महापौर सुनीता दयाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई। महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम में 7 वें महापौर के रूप में शपथ ग्रहण की है। महापौर सुनीता दयाल बेटी के साथ ऑडिटोरियम में उपस्थित हुई। महापौर का जहां पार्षदों ने पैर छूकर आर्शीवाद प्राप्त किया। वहीं, महापौर ने भी मंत्रियों का अभिवादन किया। महापौर का कार्यकाल चुनौतियों भरा दिख रहा हैं। महापौर के सामने शहर में अतिक्रमण हटाने, स्वच्छ पानी की आपूर्ति,वायु प्रदूषण की रोकथाम से लेकर अन्य विकास के मुद्दों से निपटना चुनौती पूर्ण होगा। शपथ ग्रहण के दौरान मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. ने कुछ इस प्रकार से शपथ ग्रहण कराई। मैं…इसके बाद सुनीता दयाल ने मैं नगर निगम की महापौर सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करती हूं, मैं भारत की प्रभुता और अखंडता संप्रभुता को बनाए रखूंगी। नियमों का पालन करूंगी। जिस पद को मैं ग्रहण किया है, उसके कर्तव्यों का श्रद्धापूर्वक पालन करूंगी।

शपथ ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि सोमवार यानी कि 29 मई से नगर निगम कार्यालय में बैठूंगी। उसके बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली को परखने के बाद शहर के विकास की योजनाओं पर फोकस किया जाए। सवाल के जवाब में महापौर ने कहा कि शहर में जाम की समस्या हो या फिर नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्य इन सभी पर फोकस रहेगा। भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम को बनाया जाएगा। चुनौती मानते हुए शहर में बेहतर तरीके से विकास कार्य कराए जाएंंगे। शहर के विकास को नई दिशा देने पर काम किया जाएगा।

भारत माता की जय के नारे से गुंजा ऑडिटोरियम 
महापौर सुनीता दयाल ने ऑडिटोरियम में शपथ ग्रहण करने के बाद शाम 4.58 बजे से नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण कराई। महापौर ने 15-15 पार्षदों को मंच के सामने बुलाकर शपथ कराई। शपथ लेने के लिए लाइन में पार्षद लगे। एक पार्षद डॉ.भीमराव आंबेडकर के संविधान की पुस्तक लेकर शपथ ली। वहीं, पार्षदों के शपथ ग्रहण करने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने उनका फूल माला पहनाकर स्टेज पर स्वागत भी किया गया। पार्षदों के शपथ लेने के दौरान भारत माता की जय के नारे से ऑडिटोरियम गुंजायान हुआ। कुछ पार्षदों के देरी से पहुंचने के बाद उन्हें भी बाद में लाइन में लगाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई गई। कुल मिलाकर लंबे इंतजार के बाद शनिवार को महापौर व 100 पार्षदों के शपथ ग्रहण करने के बाद नगर निगम सदन का कोरम पूरा हो गया।

नगर निगम में अब पहली बोर्ड बैठक होगी। इसमें निर्वाचित पार्षदों में से 12 पार्षदों को कार्यकारिणी सदस्य चुनने के लिए चुनाव होगा। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, डॉ. अनुज कुमार सिंह, डीसीपी (नगर) निपुण अग्रवाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, एसीपी कोतवाली सुजीत कुमार राय, एसीपी सिहानी गेट रवि कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता (निर्माण) देशराज व सैय्यद अख्तर जैदी, जोनल प्रभारी विजय नगर आरपी सिंह, कर अधीक्षक वसुंधरा महेंद्र सिंह अहिरवार, कर्नल (ईटीएफ) दीपक शरण, मोहन नगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह, अवर अभियंता (निर्माण), राजेन्द्र सिंह व एसके सरोज, एसीपी एलआईयू प्रिया श्रीपाल, सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।

धर्म की राजनीति नहीं, विकास पर होगा काम
वार्ड 68 की पार्षद विनय चौधरी ने कहा कि हम धर्म की राजनीति करने नहीं आए हैं। हम लोग मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अपने धर्म का पालन करना हर इंसान का फर्ज है। क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन सहयोग के जरिए काम करेंगे। पॉलीथिन पर रोक लगे, जिससे आने वाली जनरेशन को नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि बिना जनसहयोग के हम आगे नहीं बढ़ सकते। उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाएंगे, ताकि जाम की समस्या, अतिक्रमण की समस्या, कूड़ा प्रबंधन को अच्छे तरीके से निपटा सकें। क्षेत्र के लोगों ने जो विश्वास मुझ पर दिखाया है, अब उस पर काम किया जाएगा।