संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने 18 समस्याओं का मौके पर किया निस्तारण

गाजियाबाद। शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर निगम सभागार में आयोजित संभव जनसुनवाई में 18 समस्याओं का समाधान किया गया। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित संभव दिवस में चुनाव के उपरांत दुसरे मंगलवार को शिकायतकर्ताओं की भीड़ दिखाई दी। संभव जनसुनवाई की अध्यक्षता नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने करते हुए कहा कि संभव जनसुनवाई के अलावा अन्य कार्यदिवस में भी नगर निगम में आने वाली सभी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। समस्याओं का निस्तारण सिर्फ कागजों तक ही सीमित न रहें, धरातल भी काम किया जाए। शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नही की जाएगी। संभव जनसुनवाई में 18 समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, जलकल विभाग तथा प्रकाश विभाग की समस्याओं के समाधान के लिए योगेंद्र यादव, निर्माण विभाग से अधिकारी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा, संपत्ति अधीक्षक भोलेनाथ गौतम उपस्थित रहे तथा आई हुई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कराया गया।

नगर आयुक्त द्वारा समस्याओं के समाधान के उपरांत शिकायतकर्ता को भी अवगत कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिसके क्रम में प्राप्त शिकायतों का समाधान करने के उपरांत अधिकारीगण शिकायतकर्ता को पत्र लिखकर की गई कार्यवाही के बारे में अवगत भी कराएंगे। पूर्व में भी नगर निगम द्वारा शिकायतकर्ता को कृत कार्यवाही से अवगत कराया जाता रहा है। व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। संभव के अंतर्गत अधिकांश शिकायतें निर्माण विभाग से संबंधित प्राप्त हुई। जिसमें अवैध अतिक्रमण की शिकायतें भी सम्मिलित रही। नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में जोनल प्रभारियों को मौके पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी टीम भेजने के लिए अवगत कराया। संभव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में नगर आयुक्त से विस्तृत चर्चा की। जिसमें रामनिवास बंसल वार्ड संख्या 70, वार्ड संख्या 65 से राजकुमार नागर, वार्ड संख्या 14 से चंपा माहौर व अन्य उपस्थित हुए।