निकिता हत्याकांड : उग्र भीड़ का हाईवे पर हंगामा

यातायात रोका, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

फरीदाबाद। हरियाणा में छात्रा निकिता हत्याकांड पर नागरिकों का गुस्सा फिर फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने रविवार को फरीदाबाद-बल्लभगढ़ हाईवे पर यातायात बाधित कर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। इससे एकाएक भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में कुछ दिन पहले अग्रवाल कॉलेज के पास बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा निकिता तोमर (21) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्यारोपी तौसीफ ने निकिता को कार में अगवा करने की कोशिश की थी। इसमें नाकाम रहने पर तौसीफ ने पीडि़ता को गोली मार दी थी। पीडि़त परिवार को आरोप है कि तौसीफ काफी समय से निकिता पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव डाल रहा था। पुलिस ने इस प्रकरण में हत्यारोपी तौसीफ और उसके दोस्त रेहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों हत्यारोपियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग हो रही है। इसी क्रम में उग्र भीड़ ने रविवार की सुबह फरीदाबाद-बल्लभगढ़ हाईवे पर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर यातायात बाधित कर दोषियों को फांसी देने की मांग की। हाईवे पर यातायात रोकने से पहले सर्व समाज की महापंचायत बुलाई गई। महापंचायत में निकिता हत्याकांड पर रोष जाहिर किया गया। हाईवे पर उग्र भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने कुछ प्रबुद्ध नागरिकों से वार्ता कर भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। उधर, एसीपी ने कहा कि कुछ शरारती तत्व भीड़ में शामिल हो गए थे। जिन्होंने माहौल बिगाडऩे का प्रयास किया। बता दें कि पुलिस ने गत 29 अक्तूबर को दोनों आरोपियों तौसीफ और रेहान को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके पहले पुलिस ने दोनों को 2 दिन की रिमांड पर लिया था। तौसीफ व रेहान को हथियार उपलब्ध कराने के आरोपी अजरु को नूंह से गिरफ्तार किया था।