देश में पैट्रोल के दामों में आग, शतक मुबारक !

सोशल मीडिया पर खूब बरप रहा हंगामा

नई दिल्ली। देश में पैट्रोल और डीजल के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। कुछ हिस्सों में पैट्रोल के दाम 100 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। ऐसे में जनता में हाहाकार की स्थिति है। पैट्रोल के बढ़ते दामों के कारण सोशल मीडिया पर भी खूब हंगामा बरप रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स अलग-अलग कमेंट कर रहे हैं। बॉलीवुड से भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने एक ट्वीट का जवाब दिया है, जिसमें पैट्रोल की कीमत के मध्य प्रदेश में 100 रुपए के पार जाने की जानकारी थी। ऋचा चड्ढा का यह ट्वीट खूब चर्चाओं में है। ऋचा ने मध्य प्रदेश में पैट्रोल के दाम 100 रुपए के पार पहुंचने पर ट्वीट कर लिखा कि जी आपको बधाई। अपने आस पास देखें, कोई जवाब नहीं मिलेगा उन नागरिकों से जो निरंतर महंगाई की मार से मरे जा रहे हैं। जाहिर है, ये बदनसीब, बेरोजगार ट्विटर पर ही चौड़े हो सकते हैं। नकली राष्ट्रहित में भूखे, अधमरे, बौराए से बेचारे! इन्हें शतक मुबारक! इस प्रकार उन्होंने अपना रिएक्शन दिया है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में ईंधन पर देश में सबसे ज्यादा मूल्यवद्र्धित कर वसूला जाता है। नतीजन वहां पेट्रोल और डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस प्रकार सोशल मीडिया पर महंगाई की मार का जमकर जिक्र हो रहा है। बता दें कि इसके पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। स्वामी ने कहा था कि रावण की लंका और माता सीता के नेपाल से ज्यादा महंगा पैट्रोल तो भगवान राम के भारत में मिल रहा है। स्वामी के इस ट्वीट पर काफी प्रतिक्रिया सामने आई थीं। असम में हाल ही में पैट्रोल के दाम 5 रुपए घटाए गए हैं। दरअसल असम में चुनाव नजदीक हैं। इसके चलते सरकार को यह कदम उठाना पड़ा है।