विरोध : हरियाणा बॉर्डर पर किसानों का हंगामा

दिल्ली-जयपुर हाईवे बाधित, रूट डायवर्ट

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन रूक नहीं पाया है। दिल्ली में आंदोलन का रविवार को 18वां दिन है। इस बीच राजस्थान के शाहजहांपुर में हरियाणा बॉर्डर के पास किसानों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने यातायात बाधित कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया। इसके बाद पुलिस ने बहरोड से वाहनों को डायवर्ट कर दिया। हाईवे पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने तीनों कृषि कानूनों को तत्काल वापस लेने की मांग की है। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस बल मुस्तैद है। उधर, किसानों के समर्थन में पंजाब के डीआईजी (जेल) लखमिंदर सिंह जाखड़ ने त्याग पत्र दे दिया है। जाखड़ ने रविवार को इस्तीफा दिया है। उन्होंने पंजाब के प्रधान सचिव को पत्र लिख कर कहा है कि उन्हें समय पूर्व सेवानिवृत्त माना जाए। लखमिंदर सिंह जाखड़ ने कहा कि वह अपने किसान भाइयों के साथ खड़ा होना चाहते हैं, जो कृषि कानूनों के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने रविवार को दिल्ली में किसान आंदोलन के संबंध में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने शाह को आंदोलन की मौजूदा स्थिति से भी अवगत कराया है। बता दें कि नए कृषि कानूनों के विरोध में पिछले 18 दिनों से दिल्ली के विभिन्न बॉर्डर पर किसान धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालने, उपवास रखने का भी ऐलान किया है। किसान आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने भी किसानों के पक्ष में उपवास रखने की घोषणा की है। गतिरोध बढऩे से सरकार की मुश्किलें कम नहीं हो सकी हैं। किसानों के तीखे तेवरों के बावजूद सरकार ने कृषि कानून वापस लेने से साफ इंकार कर दिया है।