ममता सरकार से अब वन मंत्री का इस्तीफा

विधान सभा चुनाव से पहले टीएमसी बेचैन

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधान सभा चुनाव से पहले सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को झटके पर झटके लग रहे हैं। ममता बनर्जी सरकार में वन मंत्री राजीब बनर्जी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल ने बनर्जी का इस्तीफा मंजूर भी कर लिया है। पश्चिम बंगाल में अगले कुछ माह के भीतर विधान सभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस में उठा-पटक चल रही है। शुभेंदू अधिकारी के बाद से कई करीबी अब तक ममता बनर्जी का साथ छोड़ चुके हैं। शुभेंदू अधिकारी फिलहाल भाजपा में हैं। इस बीच वन मंत्री राजीब बनर्जी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। उन्होंने लिखा है कि पश्चिम बंगाल के नागरिकों की सेवा करना बहुत सम्मान और सौभाग्य की बात है। इस मौके को पाने के लिए मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं। इससे पहले जनपद हुगली में फुरफुरा शरीफ दरगाह के पीरजादा अब्बास सिद्दीकी ने गुरुवार को नया राजनीतिक संगठन इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) बनाने की घोषणा की थी। पीरजादा सिद्दीकी ने कहा कि नवगठित संगठन पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधान सभा चुनाव में सभी 294 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। उन्होंने वाम-कांग्रेस गठबंधन के साथ संगठन के गठजोड़ की संभावना जाहिर की। राजनीतिक संगठन की शुरूआत के मौके पर सूफी मजार के प्रमुख सिद्दीकी ने कहा कि हमने इस पार्टी का गठन यह सुनिश्चित करने हेतु किया है कि संवैधानिक लोकतंत्र की रक्षा हो, सभी को सामाजिक न्याय मिले और हम सभी सम्मान के साथ रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए मुख्यमंत्री के रूप में सभी को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी ममता बनर्जी की है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के मध्य काफी समय से विवाद चल रहा है। दोनों दल अक्सर तीखी जुबानी जंग करते नजर आते हैं।