संस्कृति से प्रेम : अमेरिका में भी गूंजे छठ मैया के गीत

भारतीय अमेरिकियों ने धूमधाम से मनाया पर्व

वॉशिंगटन। अमेरिका में भी महापर्व छठ की खूब धूम रही। बिहार, झारखंड एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के भारतीय अमेरिकियों ने छठ को धूमधाम के साथ मनाया। भारतीय अमेरिकियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ पूजा-अर्चना की। भारत में 4 दिवसीय महापर्व छठ का शनिवार को समापन हो गया था। शनिवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया गया था। भारत में विशेष रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल आदि में यह पर्व प्रतिवर्ष हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जाता है। मातृभूमि से दूर भारतीयों ने अमेरिका में भी अपनी परंपरा को कायम रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अमेरिका में भी महापर्व छठ परंपरागत तरीके से मनाया गया। अमेरिका में बिहार, झारखंड एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के काफी नागरिक रहते हैं। जिन्होंने शुक्रवार की शाम ढलते सूर्य को और शनिवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। अमेरिका में ऐतिहासिक पोटोमैक नदी, न्यूजर्सी में झील और मकानों में बनाए गए अस्थायी जलाशयों आदि में भारतीय मूल के नागरिकों ने महापर्व छठ मनाया। इस बीच कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किया गया। भारतीय अमेरिकी कृपा सिंह ने कहा कि पोटोमैक नदी में एक समय पर 25 नागरिक मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे से सामाजिक दूरी बनाकर रखी। छठ पूजा को देखने वहां आए नागरिकों ने भी दूरी बनाए रखी। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर सिंह अपनी पत्नी अनीता के साथ पिछले 14 साल से वाशिंगटन डीसी के वर्जिनिया उपनगर में पोटोमैक नदी के किनारे छठ पूजा करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि खरना से लेकर सुबह अर्घ्य देने तक का पूरा कार्यक्रम उन नागरिकों के लिए जूम और फेसबुक पर प्रसारित किया गया, कोरोना के कारण इसमें शामिल नहीं हो पाए। उधर, बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका ने निरंतर चौथे साल न्यूजर्सी के मोनरे स्थित थॉमसन पार्क में छठ पूजा मनाई। समारोह में न्यूयॉर्क में भारत के कॉन्सुलेट जनरल रणधीर जायसवाल और डिप्टी काउंसल जनलर शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल हुए।