यमुना सिटी में चलेगा देश का पहला पॉड टैक्सी जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी तक पॉड टैक्सी चलाने के प्रस्ताव को शासन से मिली स्वीकृति

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र निवेश के लिहाज से उद्यमियों का पसंदीदा क्षेत्र बनता जा रहा है। यूपी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में सबसे अधिक संख्या में उद्यमियों ने यहां निवेश करने के प्रस्ताव दिये हैं। भविष्य को ध्यान में रखते हुए यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह द्वारा प्लानिंग की जा रही है। जिस रफ्तार से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना सिटी के सेक्टरों को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। ऐसे में भविष्य में यह शहर देशभर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के मामले में नंबर-1 शहर बनेगा।

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी पॉड टैक्सी चलाने वाला देश का पहला शहर बनेगा। विश्व के चुनिंदा शहरों में ही पॉड टैक्सी का संचालन होता है। जल्द ही यमुना सिटी का नाम पॉड टैक्सी संचालित करने वाले शहरों की लिस्ट में शामिल हो जाएगा। जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी के बीच पॉड टैक्सी संचालित करने के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। पीपीपी मॉडल पर बनने वाली इस परियोजना के विकासकर्ता के चयन के लिए अगले सप्ताह ग्लोबल टेंडर निकाले जाएंगे। 14.6 किलोमीटर लंबे पॉड टैक्सी कॉरिडोर में 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर लगभग 642 करोड़ रुपए का खर्च होने का अनुमान है। परियोजना को मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
यमुना प्राधिकरण ने फिल्म सिटी से जेवर एयरपोर्ट के बीच पॉड टैक्सी संचालित करने का निर्णय लिया है। इसकी डीपीआर केंद्र सरकार की कंपनी इंडियन पोर्ट रेल एंड रोपवे कारपोरेशन लिमिटेड ने बनाई है। मंगलवार को लखनऊ मे बिड इवैल्युवेशन कमेटी की बैठक आईआईडीसी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के अलावा इसमें प्रदेश सरकार के वित्त व विधि विभाग के कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी दे दी गई। साथ ही बिड डाक्यूमेंट (टेंडर)और कंशेसन एग्रीमेंट (अनुबंध पत्र) को भी मंजूरी दे दी। यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर विकसित होनी है। अब यमुना प्राधिकरण विकासकर्ता कंपनी के चयन के लिए अगले सप्ताह ग्लोबल टेंडर निकालेगा। पॉड टैक्सी कॉरिडोर एलिवेटेड होगा और इसकी लंबाई 14.6 किलोमीटर होगी। एयरपोर्ट से फिल्म सिटी छह किमी होगी। इस कॉरिडोर से औद्योगिक सेक्टर जुड़ेंगे। इसमें 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें एयरपोर्ट, 60 मीटर रोड, 75 मीटर रोड, सेक्टर-32, सेक्टर-29, सेक्टर-33, सेक्टर-28 में दो और सेक्टर-21 में तीन स्टेशन बनेंगे। पॉड टैक्सी 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। यह आॅपरेशन बिजली से होगा। एक पॉड में छह से 24 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। इसके लिए 112 पॉड मंगाए जाएंगे। इस परियोजना को मार्च 2026 तक पूरा किया जाना है।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र निवेश के लिहाज से उद्यमियों का पसंदीदा क्षेत्र बनता जा रहा है। यूपी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में सबसे अधिक संख्या में उद्यमियों ने यहां निवेश करने के प्रस्ताव दिये हैं। भविष्य को ध्यान में रखते हुए यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह द्वारा प्लानिंग की जा रही है। जिस रफ्तार से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना सिटी के सेक्टरों को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। ऐसे में भविष्य में यह शहर देशभर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के मामले में नंबर-1 शहर रहेगा। यमुना सिटी के दूर दराज के सेक्टर भी एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और पॉड टैक्सी के जरिये एक दूसरे से जुड़े रहेंगे और कहीं से भी इन जगहों पर पहुंचना आसान है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद फिल्म सिटी उत्तर प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा वहीं हॉलीवुड के स्तर का फिल्म सिटी की परियोजना पर काम चल रहा है। इसी कड़ी में यमुना प्राधिकरण ने जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के बीच पॉड टैक्सी चलाने की योजना बनाई है।