विश्व पर्यावरण दिवस: महापौर ने किया थैला बैंक लॉन्च, पार्षदों को दिलाई शपथ

-स्वच्छता का संदेश घर-घर पहुंचाने में पार्षद भी निभाएं अपनी जिम्मेदारी: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस पर महापौर सुनीता दयाल ने पर्यावरण को बचाने के लिए सभी पार्षदों एवं नगर निगम के अधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही महापौर ने नगर निगम द्वारा बनाए गए कपड़े का थैला बैंक को लॉन्च करते हुए पर्यावरण दिवस पर इसकी शुरुआत की।सोमवार को नगर निगम सभागार में विश्व पर्यावरण दिवस पर महापौर सुनीता दयाल ने पार्षदों एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर पार्षद एवं अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव,सहायक नगर आयुक्त रश्मि त्रिपाठी,सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी, एमएनएलपी विवेक सिंह, जलकल जीएम आनंद त्रिपाठी, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार एवं जोनल प्रभारी आदि मौजूद रहे। वहीं, पार्षद भी उपस्थित हुए।

नगर निगम सभागार में पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रकृति का सम्मान मिलेगा जीवनदान रेस फॉर लाइफ (मिशन लाइफ) कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ दिल्ली में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाना प्रत्येक व्यक्ति, संस्था की जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी को निभाते हुए हम सभी को सबसे पहले प्लास्टिक का प्रयोग पूर्ण रूप से बंद करना पड़ेगा। प्लास्टिक भूमि पर गिरती है और सालों-साल बाद भी नहीं गलती है। इसके नतीजे बहुत घातक साबित होंगे। इसलिए कपड़े के थैले का चलन बहुत ही आवश्यक है। इस वर्ष पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का हमारा संकल्प है। महापौर सुनीता दयाल ने सभी अधिकारियों, पार्षदों एवं कर्मचारियों की तरफ से मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।

महापौर ने पार्षदों एवं निगम अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि पार्षद अपने-अपने क्षेत्र, बाजार में जाकर प्लास्टिक प्रयोग न करने के लिए क्षेत्र लोगों को जागरूक करें। कपड़े के थैले के प्रयोग करने की सलाह दें। ताकि शहर का पर्यावरण अच्छा रहे और स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचे। वार्डों में वृक्षारोपण का कार्य करें एवं प्रत्येक व्यक्ति को एक वृक्ष की जिम्मेदारी दें। महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी विलोपित कूड़ाघर का निरीक्षण करें। वह कहीं गंदे तो नही पड़े है,उसमें लगे पेड़-पौधे मर तो नहीं गए। इस पर भी ध्यान दें। महापौर ने इसके बाद सभी को पर्यावरण बचाने की शपथ ग्रहण कराई। कपड़े के थैले भी वितरित किए।

इसके बाद महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम मुख्यालय स्थित पार्क में पौधे रोपित करते हुए पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया। वार्डों में भी पौधारोपण किया गया। महापौर से पॉड मैन रामबीर ने भी मुलाकात की। महापौर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि शहर के तालाबों का जीर्णोद्धार करना है। जल संचयन को लेकर शहर में  एक मिशाल कायम करनी है। महापौर ने ट्रिपल आर सेंटर वैशाली को संचालन करने में 32 आरडब्ल्यूए,एनजीओ की भागेदारी किए जाने पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पर्यावरण को बचाने के लिए पौधारोपण कार्य जारी है। लक्ष्य को पूरा कर वृक्षों को पूर्व की भांति जीवित भी रखा जाएगा।