यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में दिखेगा यमुना प्राधिकरण का दम विदेशों से मिले बड़े प्रस्ताव घरेलू निवेशक भी करना चाहते हैं निवेश

कभी उत्तर प्रदेश का सबसे उपेक्षित औद्योगिक विकास प्राधिकरण माना जाने वाले यमुना प्राधिकरण की गिनती अब प्रदेश के अति महत्वपूर्ण प्राधिकरण में होती है। यमुना प्राधिकरण प्रदेश में होने वाले औद्योगिक विकास की पहचान बन रहा है। जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, डेटा पार्क सहित कई बड़े मत्वपूर्ण परियोजनाओं ने यमुना प्राधिकरण की देश के बाहर भी पहचान स्थापित की है। चर्चाएं हैं कि इन्वेस्टर्स समिट में भी यमुना प्राधिकरण का जलवा दिखेगा। हालांकि यमुना प्राधिकरण को अब तक निवेश के कितने प्रस्ताव मिले हैं इसको लेकर कोई अधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। लेकिन सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक यमुना प्राधिकरण सरकार द्वारा निर्धारित किये गये 80 हजार करोड़ रुपये निवेश के लक्ष्य के करीब पहुंच गई है। सूत्र बताते हैं जिस तरह से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश का माहौल बना है ऐसे में संभव है कि लखनऊ में होने वाले इन्वेस्टर्स समिट के दौरान निवेश का आंकड़ा 1 लाख करोड़ के आस-पास पहुंच जायेगा या फिर उसको पार कर लेगा।

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फरवरी के दूसरे सप्ताह में आयोजित होने वाले यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के सिलसिले में मंत्रियों और अधिकारियों के दल के विदेश दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अब देश के घरेलू निवेशकों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों का समूह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 5 जनवरी से 23 जनवरी 2023 तक देश के सात बड़े शहरों में रोड शो करेंगे। जानकारी के मुताबिक दौरे पर गई मंत्रियों के नेतृत्व वाली टीमों ने 16 देशों से 7.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश जुटाया। मुख्यमंत्री योगी ने पिछले दिनों पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर विदेश भ्रमण से लौटी टीम के अनुभवों को साझा करते हुए प्राप्त निवेश प्रस्तावों के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया था। इसमें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले निवेशों को लेकर भी चर्चा हुई। दरअसल कभी उत्तर प्रदेश का सबसे उपेक्षित औद्योगिक विकास प्राधिकरण माना जाने वाले यमुना प्राधिकरण की गिनती अब प्रदेश के अति महत्वपूर्ण प्राधिकरण में होती है। यमुना प्राधिकरण प्रदेश में होने वाले औद्योगिक विकास की पहचान बन रहा है। जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, डेटा पार्क सहित कई बड़े मत्वपूर्ण परियोजनाओं ने यमुना प्राधिकरण की देश के बाहर भी पहचान स्थापित की है। चर्चाएं हैं कि इन्वेस्टर्स समिट में भी यमुना प्राधिकरण का जलवा दिखेगा। हालांकि यमुना प्राधिकरण को अब तक निवेश के कितने प्रस्ताव मिले हैं इसको लेकर कोई अधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। लेकिन सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक यमुना प्राधिकरण सरकार द्वारा निर्धारित किये गये 80 हजार करोड़ रुपये निवेश के लक्ष्य के करीब पहुंच गई है। सूत्र बताते हैं जिस तरह से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश का माहौल बना है ऐसे में संभव है कि लखनऊ में होने वाले इन्वेस्टर्स समिट के दौरान निवेश का आंकड़ा 1 लाख करोड़ के आस-पास पहुंच जायेगा या फिर उसको पार कर लेगा।
मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर देश के सात बड़े शहरों में रोड शो के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है, जिसमें कैबिनेट मंत्रियों के अलावा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), राज्य मंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। मुंबई के रोड शो में सीएम योगी स्वयं शामिल होंगे। 5 जनवरी को मुंबई में होने वाले रोड शो में योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। मुंबई में टाटा समूह, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा, गोदरेज, आदित्य बिरला समूह, बॉम्बे डाइंग, ब्रिटानिया, जेएसडब्ल्यू ग्रुप और एशियन पेंट्स समूह के अलावा बैंकिंग क्षेत्र और फिल्म जगत की हस्तियों से मुख्यमंत्री की भेंट संभावित है। वहीं, अन्य दौरों में योगी की अडानी ग्रुप, हिताची, हीरानंदानी ग्रुप, नेस्ले, कोका कोला, मारुति सुजुकी, अशोका लेलैंड, गोयनका ग्रुप, ओसवाल इंडस्ट्रीज आदि बड़े औद्योगिक समूहों और कंपनियों से वार्ता हो सकती है। योगी के साथ दौरे में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी और स्वतंत्र प्रभार मंत्री रविंद्र जायसवाल भी रहेंगे। इस समूह में शामिल किए गए हैं।

चेन्नई में नौ जनवरी को आयोजित होने वाले रोड शो में निवेशकों से संपर्क करने वाली टीम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और स्वतंत्र प्रभार मंत्री  असीम अरुण व नितिन अग्रवाल शामिल हैं। 16 जनवरी को कोलकाता रोड शो की टीम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, स्वतंत्र प्रभार मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल शामिल होंगे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, प्राविधिक शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और स्वतंत्र प्रभार मंत्री अरुण सक्सेना 18 जनवरी को हैदराबाद के रोड शो में उद्यमियों को निवेश का निमंत्रण देंगे। गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले रोड शो की टीम में पीडब्ल्यूडी विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र प्रभार मंत्री जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर और राज्य मंत्री जसवंत सैनी पहुंचेंगे। बेंगलुरु में निवेशकों को आमंत्रण देने जा रही टीम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और स्वतंत्र प्रभार मंत्री असीम अरुण शामिल है।
13 जनवरी को दिल्ली में होने वाले रोड शो में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, शहरी विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और स्किल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के मंत्री कपिल देव अग्रवाल शामिल होंगे। इनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त, औद्योगिक विकास आयुक्त, सूचना विभाग के प्रमुख सचिव, इनवेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह और मुख्यमंत्री के सलाहकार केवी राजू शामिल होंगे।

जापान और कोरया से यमुना सिटी में होगा बंपर निवेश

सूत्र बताते हैं कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निवेशकों के साथ लगभग 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश को लेकर एमओयू तैयार हो चुका है। यमुना सिटी में जापान और दक्षिण कोरिया के निवेशकों ने निवेश को लेकर खासी रुचि दिखाई है। यहां की कंपनियां कंपनी टॉय पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश करेंगी। इनके साथ ही यमुना सिटी में 500-500 हेक्टेयर जमीन पर जापान और कोरिया सिटी भी बसाई जाएंगी। इन दोनों सिटी में अलग से 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। यमुना अथॉरिटी ने इन कंपनियों को जमीन उपलब्ध कराने के लिए लैंड बैंक बनाना का काम भी शुरू कर दिया है। कोरिया की कई बड़ी कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल बनाने को लेकर निवेश करेंगी। भारतीय निवेशकों ने भी यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये निवेश करने को लेकर दिलचस्पी दिखाई है। ऐसे में 12 से 14 फरवरी तक होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में यमुना प्राधिकरण रिकार्ड स्थापित करेगा।