समाजसेवा और राजनीति में भी प्रेरणास्त्रोत बन रहे कारोबारी संजीव गुप्ता

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर देते रहे हैं। देश के समुचित विकास एवं अर्थव्यवस्था को उड़ान देने में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ बेहद अहम भूमिका निभा सकते हैं। सफलता के लिए पीएम मोदी द्वारा बताए गए यह दोनों मंत्र कारगर भी साबित हो रहे हैं। रोजगार और उद्योगों को बढ़ावा देने में यह मंत्र काफी लाभदायक हैं। पीएम मोदी ने बच्चों का भी आह्वान किया है कि वह घर में उपयोग होने वाली वस्तुओं की एक सूची बनाएं और देखें कि उनमें से कितने ऐसे उत्पाद हैं, जो भारत में नहीं बने हैं और वह विदेशी हैं। इसके बाद घर के लोगों से आग्रह करें कि भविष्य में जब वैसा ही कोई उत्पाद खरीदा जाए तो वह भारत में बना हो।

जनपद गाजियाबाद में प्रमुख समाजसेवी एवं भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता भी पीएम मोदी के मेक इन इंडिया एवं वोकल फॉर लोकल के आईडिया का ना सिर्फ समर्थन करते हैं बल्कि इस पर अमल करने के लिए नागरिकों को प्रेरित भी कर रहे हैं। सफल कारोबारी होने के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों में पूरी शिद्दत से जुटे रहते हैं। भाजपा की नीतियों एवं कार्यक्रमों का प्रचार करने के साथ संगठन की मजबूती के लिए भी वह काफी सक्रिय दिखाई देते हैं। समाज और राजनीति में उनके बढ़ते कद का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब उन्होंने गाजियाबाद शहर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी की थी तो पार्टी के कई नेताओं की बेचैनी बढ़ गई थी। दरअसल भाजपा नेताओं को मालूम था कि यदि संजीव गुप्ता को टिकट मिल गया तो वह ना सिर्फ भारी मतों से जीत दर्ज कराएंगे बल्कि भविष्य में अपनी काबिलियत के दम पर पार्टी में और ज्यादा गहरी पैठ बनाने में सफल हो जाएंगे।

हालाकि संजीव गुप्ता का व्यवहार और विचार ऐसे हैं कि वह किसी के प्रति दुर्भावना नहीं रखते। चाहे समाजसेवा हो या राजनीति वह जो भी काम करते हैं, उसके पीछे उनका कोई स्वार्थ नहीं होता। यही सोच उन्हें अन्य समाजसेवियों एवं राजनीतिज्ञों से अलग करती है। वह पिछले 18 वर्षों से भाजपा में विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारी को बखूवी निभा रहे हैं। उद्योग मंच के प्रदेशाध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासभा के जिला चेयरमैन व समरकूल समूह के सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता की अपनी अलग पहचान है। अपनी पहचान के जरिए ही उन्होंने 31 वर्षों से समरकूल कंपनी के ब्रांड को विभिन्न राज्यों में पहुंचाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संजीव गुप्ता का परिवार पिछले पांच दशक से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुयायी है। वह स्वयं विगत 25 वर्षों से भाजपा व संघ से जुड़े हैं।

विभिन्न संस्थाओं में महत्वपूर्ण पदों का दायित्व निभाने के साथ वह धर्म की पुर्नस्थापना में अपनी सूक्ष्म भूमिका के साथ मां वैष्णो धाम मंदिर की स्थापना कर कई गौशालाओं की सेवाओं से जुड़े हैं। इसके अलावा सपनावत में भव्य मंदिर के निर्माण में भी वह बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। उनका मानना है कि देश को सशक्त बनाने में मेक इन इंडिया अभियान कारगर साबित हो रहा है। देश में अलग-अलग चीजों का निर्माण होने से बेरोजगारी की समस्या दूर होगी।

इसके अतिरिक्त उद्योगों को काम मिलने से अर्थव्यवस्था दुरूस्त होगी। आजादी के इतने साल बाद भी भारत आज कई चीजों के लिए अन्य देशों में निर्भर है। विभिन्न देश अपना माल भारत में बेचकर खूब कमाई कर रहे हैं। जब इन चीजों का स्वदेश में निर्माण होने लगेगा तो इसके सकारात्मक नतीजे देखने को मिलेंगे। वह कहते हैं कि मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल स्कीम की सफलता के लिए देशवासियों को एकजुट होकर सहयोग करने की जरूरत है।