नगर आयुक्त ने अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस पर रोपित किए पौधे

प्रकृति को बचाने और संरक्षित करना सभी की नैतिक जिम्मेदारी: डॉ. नितिन गौड़

गाजियाबाद। पृथ्वी ने मनुष्य को वो सारे साधन उपलब्ध करवाए हैं, और प्रकृति के रुप में कुछ नायाब तोहफे दिए हैं, जिससे मनुष्य आसानी से अपना जीवन का निर्वहन कर सके। लेकिन दूसरी तरफ मनुष्य अपना फायदा कमाने और भौतिक सुख भोगने के कारण प्राकृतिक संसाधनों का जमकर दोहन कर रहा है। हरे पेड़, पौधों से हमें आक्सीजन प्राप्त होती है। हमारे पूर्वजों ने पौधे लगाए होंगे, तभी हम सुरक्षित है। आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ रखने के लिए हमें पौधरोपण कर उनकी देखभाल करनी होगी। उक्त बातें शनिवार को अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस पर इंदिरापुरम में नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने पौधा रोपित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा यह हमारा कर्तव्य है कि हम प्रकृति को बचाने और संरक्षित करने में मदद करें। क्योंकि पृथ्वी सभी जीवों के लिए जीवनदायिनी है। जीवन जीने के लिए जिन प्राकृतिक साधनों की जरूरत, एक पेड़, एक जानवर या फिर एक इंसान की होती है, वहीं पृथ्वी वह सब हमें प्रदान करती है। इंदिरापुरम में जहां कचरे का पहाड़ हटाकर लगातार पौधारोपण की मुहिम चली हुई है।

उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस पर मियावाकी पद्धति से पौधारोपण किया गया। जिसमें निगम अधिकारियों सहित कई सामाजिक संस्थाएं भी उपस्थित हुई। नगर आयुक्त ने बताया कि पूर्व में 10 हजार पौधे लगाकर पौधारोपण की शुरुआत की गई थी। अंतरराष्टीय पृथ्वी दिवस पर 2800 पौधे लगाए गए हैं। इस प्रकार की मुहिम लगातार चलती रहेगी और ऐसा स्थान जहां पर कचरे के पहाड़ थे वहां हरे भरे पौधे लहराने लगे हैं। आगे भी पौधों की संख्या बढ़ाते हुए पौधारोपण किया जाएगा। जिसमें शहर की सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। नगर निगम द्वारा इस प्रकार के स्थानों को चिन्हित भी किया जा रहा है। जहां से गंदगी हटाकर पौधारोपण किया जा सकता है। साथ ही आसपास क्षेत्र वासियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

शहर को हरा-भरा, स्वच्छ व सुंदर रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी
नगर निगम को हमेशा शहर वासियों का सहयोग मिला है। जिसकी सराहना करते हुए नगर आयुक्त ने शहर को सुंदर स्वच्छ वह हरा-भरा बनाए रखने के लिए नगर वासियों से भी अपील की। जिसमें विद्यार्थियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ताकि आने वाले समय में स्वच्छता के साथ-साथ सुंदरता का भी विशेष ध्यान शहर वासी रखेंगे और एक सुंदर और स्वस्थ शहर का निर्माण होगा। इस मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, पौंड मैन ऑफ इंडिया रामवीर तंवर, से अर्थ संस्थान के पदाधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ग्लोबल लॉजिक द्वारा सीएसआर एक्टिविटी के तहत सहयोग किया गया।