गाजियाबाद में BJP नेताओं में भिड़ंत, CM YOGI के आगमन से पहले पूर्व महानगर अध्यक्ष और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष में हुई तू-तू-मैं-मैं

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम गाजियाबाद शहर में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले शहर में भाजपा के दो नेताओं में तकरार होने की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों नेताओं को आपस में तू-तू-मैं-मैं करते देखा जा सकता है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को बीच-बचाव कराना पड़ा। बाद में प्रशासन ने एक पक्ष के मंच को सड़क से पीछे करा दिया। दरअसल सड़क किनारे मंच को लेकर यह विवाद होना बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार को गाजियाबाद में आगमन हो रहा है। इस दौरान वह रोड शो भी करेंगे। कालकागढ़ी चौक से रोड की शुरूआत होगी। कालका गढ़ी चौक से चौधरी मोड़ और हापुड़ रोड तिराहे तक रोड शो प्रस्तावित किया गया है। रोड शो के रूट पर जगह-जगह भाजपा नेताओं ने मंच सजाए हैं। जहां से वह मुख्यमंत्री का अभिभावादन और स्वागत करेंगे। शनिवार की सुबह भाजपा नेता मयंक गोयल व अजय शर्मा के बीच तनातनी देखने को मिली। दोनों नेता सड़क किनारे आपस में तू-तू-मैं-मैं करते नजर आए। भाजपा नेताओं के बीच तनातनी का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वीडियो में दोनों नेताओं को आपस में बहस करते देखा जा सकता है। तभी पुलिस-प्रशासन के कुछ अधिकारी मामले को शांत कराते नजर आते हैं। बताया गया है कि एक पक्ष ने सीएम के रोड शो के रूट पर गलत तरीके से मंच लगा लिया था। इससे रूट प्रभावित होने का डर था। यही कारण विवाद का बताया जाता है। हालाकि पुलिस-प्रशासन ने एक पक्ष के मंच को सड़क से पीछे करा दिया ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचा सके। उधर, सीएम के आने से पहले भाजपा नेताओं में मनमुटाव होना चर्चाओं में है।