यातायात माह नवंबर में निगम निभा रहा है अहम भूमिका

निगम के पांचो जोन में 26 ऑटो स्टैंड के लिए लगवाए साइनैज बोर्ड

गाजियाबाद। यातायात माह नवंबर में नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के नेतृत्व में नगर निगम भी इस बार अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। नगर निगम की भूमिका शहर वासियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण रहती है। जिसमें कई सरकारी विभाग नगर निगम से समन्वय कर शहर हित के लिए बेहतर कार्य करते हैं।
देखने में आया है कि जहां ट्रैफिक विभाग बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कार्यवाही कर रहा है। उसी क्रम में नगर निगम भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अपनी भूमिका निभा रहा है। जिसके चलते शहर की पार्किंग स्थलो, जेब्रा लाइन, वाइट पट्टी की कार्यवाही में तेजी दिखाई दे रही है।

नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने बताया कि शहर को व्यवस्थित करने में जहां नगर निगम की भूमिका रहती है। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को भी बेहतर करने के लिए नगर निगम अहम भूमिका निभा रहा है। शहर के पांचों जोन मे लगभग 26 ऑटो स्टैंड के लिए साइनैज बोर्ड लगवाए गए हैं। जिस पर संचालन रूट का नंबर तथा एरिया भी अंकित किया गया है। नो पार्किंग बोर्ड भी लगभग शहर में 25 लगवाए गए हैं। जिनसे ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग प्राप्त हो रहा है। जेब्रा लाइन, वाइट पट्टी के कार्य में भी तेजी लाई गई है। ताकि ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनी रहे। उन्हों बताया कि ट्रैफिक सिगनल पर पूर्व में भी नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन की लाइटों को ट्रैफिक लाइट के साथ लगाया गया था।

जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सहयोग रहा। इसी प्रकार मार्गो को पूर्णतया व्यवस्थित करने का कार्य भी तेजी पर चल रहा है। जिससे कि ट्रैफिक व्यवस्था में बेहतर सहयोग किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक यातायात रामानंद कुशवाहा ने बताया कि यातायात माह नवंबर को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम टीम का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। जिसमें पार्किंग स्थलों को भी व्यवस्थित किया गया है। ऐसे स्थल जहां पर साईनेज की आवश्यकता थी। वहां पर नगर आयुक्त के निर्देशानुसार कार्यवाही विभाग द्वारा कराई जा रही है। जिनका सहयोग ट्रैफिक टीम को प्राप्त हो रहा है।