ग्रीन बेल्ट से हटाया अतिक्रमण, होटल और बैंकों से वसूला जुर्माना

गाजियाबाद। नगर निगम के वसुंधरा जोन में बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रीन बेल्ट से होटलों तथा बैंकों का अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण कर्ताओं से 3 लाख रुपए जुर्माना भी वसूला गया। पुन: वहां अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। दोबारा ऐसा होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम निरंतर कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को वसुंधरा जोन में संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ और जोनल प्रभारी सरिता सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। वसुंधरा सेक्टर-16 में ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण कर लिया गया था। इससे हरियाली प्रभावित हो रही थी। जोनल प्रभारी सरिता सिंह ने बताया कि ग्रीन बेल्ट को होटल द्वारा अवैध रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था। पार्टी लॉन में इस भूमि का उपयोग किया जा रहा था। साथ ही 5 से 6 जरनेटर अन्य लोगों ने भी ग्रीन बेल्ट के अंदर लगा रखे थे। उन्होंने बताया कि क्रिस्टल होटल, आर.के. रेजिडेंसी होटल द्वारा अवैध रूप से ग्रीन बेल्ट का इस्तेमाल किया जा रहा था।

इसके अलावा यूको बैंक तथा यूनियन बैंक ने भी ग्रीन बेल्ट पर जनरेटर रख रखा था। जिस पर 50- 50 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि कब्जा मुक्त ग्रीन बेल्ट को नगर नगम द्वारा जल्द व्यवस्थित कर हरा-भरा किया जाएगा ताकि क्षेत्रीय नागरिकों को ग्रीन बेल्ट का लाभ प्राप्त हो सके। इसी प्रकार नगर निगम द्वारा कई क्षेत्रों में अभियान चलाकर वृहद्ध स्तर पर कार्यवाही कराई जा रही है।