भारत जोड़ो यात्रा में प्रियंका गांधी ने कहा योद्धा हैं मेरा भाई… बड़े-बड़े नेता खरीदें लेकिन मेरा भाई नहीं खरीद पाए अडानी-अंबानी

-राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली गई यात्रा में उमड़ी भीड़ देखकर हुए गदगद
-पुलिस आयुक्त समेत चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस फोर्स
-लोनी के जरिये यूपी में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी का हुआ भव्य स्वागत
-ठंड और कोहरे के बाद भी लोगों में दिखा जोश

गाजियाबाद। दिल्ली के गोकुलपुरी से जिले के लोनी में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार दोपहर में पर्दापण होने के बाद बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़ देखकर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी गदगद नजर आए। राहुल गांधी हालांकि मंच से संबोधन नहीं कर सकें। वह यात्रा में पैदल चलते हुए लोगों को अभिवादन करते रहे। वहीं, लोनी में बनाए गए मंच पर पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जमकर भाजपा पर हमला बोला। मंच से प्रियंका गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत किया। लोनी में अपने भाई राहुल गांधी का स्वागत करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी मोहब्बत की दुकानें खोल रहे हैं। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर लिया है। भारत जोड़ों यात्रा के मद्देनजर 2 हजार से अधिक पुलिस फोर्स के जवान तैनात किए गए थे। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए नजर बनाए रखी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन ये सच्चाई से पीछे नहीं हटे। देश के शीर्ष उद्योगपतियों का नाम लेते हुए प्रियंका ने राहुल की जमकर तारीफ  की,उन्होंने कहा कि अडानी जी और अंबानी जी ने देश के सारे नेताओं को खरीद लिया लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे। यूपी में भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करते हुए प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में राहुल गांधी को योद्धा बताते हुए कहा कि राहुल आज मोहब्बत की दुकानें खोल रहे हैं, मुझे मेरे भाई पर गर्व है। वहीं,भारत जोड़ो यात्रा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी एएस दौलत भी शामिल हुए।वहीं, रालोद के खतौली विधायक मदन भैया ने भी लोनी में यात्रा को अपना समर्थन दिया। राहुल गांधी के हाथ में हाथ डाले आए नजर एएस दौलत आईबी के स्पेशल डायरेक्टर और रॉ के सचिव रह चुके हैं। एएस दौलत आज यात्रा में शामिल हुए और राहुल के हाथ में हाथ डाल चले।

प्रियंका ने बताया कि राहुल को क्यों ठंड नहीं लगती:
भारत जोड़ो यात्रा के पड़ाव के लिए बने मंच से प्रियंका गांधी ने लोगों को संबोधित किया। प्रियंका ने मंच से राहुल की ओर देखते हुए कहा, मेरे बड़े भाई इधर देखो. सबसे ज्यादा गर्व तुम पर है। तुम एक योद्धा हो।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी शक्तियों का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपए खर्च कर राहुल गांधी की छवि खराब करने की कोशिश की। लेकिन राहुल एक योद्धा हैं और वह सच के पथ से नहीं डिगेंगे। प्रियंका ने ये भी कहा कि राहुल को ठंड इसलिए नहीं लगती क्योंकि उन्होंने सच की चादर ओढ़ रखी है। प्रियंका ने ये भी कहा कि अंबानी-अडानी ने करोड़ों रुपए खर्च कर नेताओं को, मीडिया हाउस को खरीद लिया। लेकिन तुम्हें नहीं खरीद सकें और न खरीद पाएंगे। भारत जोड़ो यात्रा में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ने से काफी धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस अधिकारी लगातार मैनेजमेंट करने में जुटे रहे। राहुल से मिलने के लिए उमड़ी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें कुछ महिला कार्यकर्ताओं को चोट आ गई। यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों की बदसलूकी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है।

प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के दिग्गज भी हुए मंचासीन
लोनी में आयोजित कार्यक्रम एवं मंच पर कांग्रेस के दिग्गज भी कतार में बैठे। प्रियंका गांधी के अलावा नेशनल कांफ्रेंस के नेता और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। राहुल गांधी बागपत से दिल्ली वापस लौट गए हैं। आज बागपत के मवी कला से सुबह छह बजे यात्रा शुरू होगी। इसी बीच राहुल ने एक छात्रा के साथ बातचीत की जो उनके स्वागत के लिए खड़ी थी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा लोनी के बलराम नगर में पहुंचने से पहले मंच पर पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद, एससी एसटी आयोग के पूर्व सदस्य पीएल पुनिया,

राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे, अखिलेश सिंह, प्रदीप माथुर, आदित्य, मीम अफजल, कांग्रेस प्रवक्ता गौरव भल्ला आदि जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी समेत अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे। कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा के चाकू वाले बयान पर हमला बोला है। उन्होंने यह बातें भाजपा में देश जोडऩे की बात नहीं होती। कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी। भाजपा के कोई भी नेता हों वह गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए अपना भाषण शुरू करते हैं। देश के प्रधानमंत्री भी विदेशों में गीता भेंट करते हैं, तब वो धर्मनिरपेक्षता की बात करते हैं, ऐसा यहां नहीं दिखता। कोई पार्टी हमेशा सत्ता में नहीं रहती, भाजपा को समझना होगा।

राहुल गांधी ने भजन से की यात्रा की शुरुआत:
दुनिया चले ना श्री राम के बिना, रामजी चले ना हनुमान के बिना। इसी भजन का उच्चारण करते हुए राहुल गांधी पुरानी दिल्ली के यमुना बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में बाबा का आर्शीवाद लेकर भारत जोड़ो यात्रा का आगाज किया। भारत जोड़ो यात्रा और राहुल गांधी की एक झलक पाने को लेकर लोगों की भीड़ यमुना बाजार इलाके में लग गई है। उनकी फोटो खींचने के लिए भी लोगों में होड़ मची थी। वहीं, राहुल गांधी के नेतृत्व में लोनी में भारत जोड़ो यात्रा के चलते भारी संख्या में पुलिस फोर्स मुस्तैद रहीं।