भ्रष्टाचार: बाजार में बेचने के लिए सड़क से उखड़वा दी इंटरलॉकिंग टाइल्स

पार्षद ने उजागर किया मामला, नगरायुक्त को भेजा वीडियो
-नगर निगम ठेकेदार और सुपरवाइजर का कारनामा

गाजियाबाद। नगर निगम के ठेकेदार और सुपरवाइजर का काला कारनामा सामने आया है। आरोप है कि संजय नगर कॉलोनी में सड़क किनारे से इंटरलॉकिंग टाइल्स को बेचने के लिए उखड़वा लिया गया। इन टाइल्स को ट्रैक्टर में भरा जा रहा था। शिकायत मिलने पर पार्षद अजय शर्मा मौके पर पहुंच गए। पार्षद ने मौके पर कार्यरत कर्मचारियों से टाइल्स उखाड़ने की बावत पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पार्षद का आरोप है कि इस मामले में एक घंटे तक मौके पर इंतजार करने के बावजूद क्षेत्रीय अवर अभियंता भी मौका-मुआयना करने नहीं आए। पार्षद ने पूरे मामले का वीडियो तैयार किया है।

नगरायुक्त को भी यह वीडियो भेजा गया है। यह वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। नगर निगम के वार्ड नंबर-67 संजय नगर सेक्टर-23 में रविवार को यह मामला प्रकाश में आया। वहां सड़क किनारे से कुछ कर्मचारी इंटरलॉकिंग टाइल्स को उखाड़ कर ट्रैक्टर में भर रहे थे। आरोप है कि पेटी ठेकेदार और सुपरवाइजर के इशारे पर यह खेल चल रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर पार्षद अजय शर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टाइल्स उखाड़ कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में जमा कर रहे कर्मचारियों से पूछताछ की। यह कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

पार्षद का आरोप है कि सड़क किनारे से उखाड़ी गई इन टाइल्स को बेच दिया जाता है। इसमें ठेकेदार और सुपरवाइजर की मिलीभगत है। पार्षद ने मौके पर कार्यरत कर्मचारियों से क्षेत्रीय अवर अभियंता को फोन कराकर मौके पर आने को कहा, मगर एक घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जेई वहां पहुंचे। ऐसे में पार्षद ने पूरे प्रकरण की वीडियो तैयार कर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर को भेज दी। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

पार्षद का कहना है कि मौके पर कार्यरत कर्मचारियों को ­ठेकेदार व सुपरवाइजर ने भ्रमित कर वहां बुलाया था। इनमें एक मुस्लिम युवक भी था। जो रोजे से होने के बाद भी यह काम कर रहा था। पार्षद ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। पार्षद अजय शर्मा का कहना है कि सड़कों से इंटरलॉकिंग टाइल्स उखाड़ कर बाजार में बेचने का यह खेल कई वार्डों में खुलेआम चल रहा है। इससे नगर निगम को भी चपत लग रही है।