जैनमति इंटर कॉलेज विवाद : विद्यालय प्रबंधन और प्रिंसपल के बीच घमासान जारी

महिला प्रिंसपल अपने आरोपों पर अडिग, विद्यालय प्रबंधन ने प्रिंसपल के खिलाफ जिलाधिकारी से की शिकायत, प्रिंसपल पर लगाये आरोप

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कविनगर स्थित जैनमति उजागरमल इंटर कॉलेज में हुआ विवाद और गहरा गया। बृहस्पतिवार को कॉलेज की प्रिंसपल भावना गुप्ता का वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने कॉलेज के मैनेजर राकेश जैन और कॉलेज प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सुशील जैन पर गंभीर आरोप लगाये थे। इस प्रकरण में अब मैनेजर और कॉलेज प्रबंधन का पक्ष भी सामने आया है। कॉलेज प्रबंधन ने घटना के बाबत जिलाधिकारी से शिकायत की है और महिला प्रिंसपल पर गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने और फीस एवं फंड का सही से हिसाब-किताब नहीं रखने को लेकर कई आरोप लगाये हैं। उधर, प्रिंसपल भावना गुप्ता अभी भी अपने आरोपों पर अडिग है। प्रिंसपल का कहना है कि कॉलेज के मैनेजर और अध्यक्ष द्वारा उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और अपमानजनक बातें कही गई।

प्रिंसपल ने कहा कि मैनेजर प्रिंसपल के कक्ष में बैठकर खाना खाते थे, कुछ समाचार पत्रों में इस बात का जिक्र करते हुए खबर प्रकाशित हुई कि मैनेजर ने स्कूल को मौज मस्ती का अड्डा बना लिया है। इसी बात को मुद्दा बनाते हुए मैनेजर द्वारा स्कूल के अन्य शिक्षकों को मेरे खिलाफ भड़काया जा रहा है और शुक्रवार को भी विद्यालय का माहौल खराब कराया गया। फीस एवं फंड को लेकर मैनेजर द्वारा लगाये गये आरोपों के जवाब में प्रिंसपल का कहना है कि वित्त विहीन विद्यालयों के पैसे का लेखा जोखा कोषाध्यक्ष और मैनेजर के पास रहता है उससे प्रिंसपल का कोई लेना देना नहीं होता है। मैंने कई बार बैंक में खाता खुलवाने की भी मांग की लेकिन मेरी बातों को दरकिनार कर कैश में ही हिसाब किताब रखा जा रहा है। मैंने जिला विद्यालय निरीक्षक को भी इसकी जानकारी दे रखी है। कैश का खेल बंद ना हो जाये इसलिए मेरे खिलाफ आरोप लगाये जा रहे हैं। प्रिंसपल ने कहा कि कि मैं अभी भी अपनी बातों पर पूरी तरह अडिग हूं और मैनेजर एवं अध्यक्ष को लेकर जो बातें कही है उसे साबित कर दूंगी। जहां तक मौज मस्ती और अय्यासी की बात है तो ऐसा मैने कुछ नहीं कहा है। मैनेजर द्वारा इसे गलत ढ़ंग से मेरे खिलाफ माहौल बनाने के लिए प्रचारित किया जा रहा है और अध्यापकों को उकसाया जा रहा है।

विदित हो कि जैनमती उजागरमल इंटर कॉलेज पिछले कुछ दिनों से विवादों में बना हुआ है। बृहस्पतिवार को हुए हंगामें के बाद शुक्रवार को कॉलेज में फिर हंगामा हुआ। एक व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाये जाने को लेकर स्कूल में बबाल हुआ। शिक्षकों ने वीडियो बनाने वाले से कहा कि आप किसी आधार पर वीडियो बना रहे हैं। शिक्षकों द्वारा इस मामले में संयुक्त शिक्षा निदेशक को भी शिकायत की गई है। शिकायत में शिक्षकों द्वारा कहा गया है कि शुक्रवार को जब वह कॉलेज गई तो गेट बंद था और उनके वाहनों को अंदर नहीं जाने दिया गया। शिक्षकों ने कॉलेज के मैनेजर के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि प्रिंसपल अपने कामों को ठीक से नहीं कर रही हैं और उलटे मैनजमेंट एवं अन्य लोगों पर आरोप लगा रही हैं। बहरहाल इस मामले में क्या सही है और क्या गलत है आगे की जांच में ही चीजें स्पष्ट होगी।