नगर निगम ठेकेदारों ने किया कार्य बहिष्कार, भुगतान नहीं होने के कारण किया टेंडर का बायकॉट

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा बकाया भुगतान नहीं किए जाने से खफा ठेकेदारों ने कार्यों का बहिष्कार कर दिया। ठेकेदारों ने टेंडर भी नहीं डाले। नगर निगम कांट्रेक्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक कर टेंडर बहिष्कार का पूर्ण समर्थन किया है। नगर निगम में कार्यों का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिस कारण ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। नगर निगम के अधिकारी जबरन कार्यों को कराने का दबाव भी ठेकेदारों पर बना रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वरिष्ठ ठेकेदार प्रधान जयबीर गुर्जर ने ठेकेदारों का भुगतान नहीं होने पर रोष जताते हुए कहा कि ठेकेदारों के समक्ष बेहद कठिन चुनौतियां हैं। जब तक भुगतान नहीं होगा तब तक ठेकेदार टेंडर नहीं डालेंगे। उन्होंने मेयर आशा शर्मा व नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने अनुरोध किया कि जल्द ठेकेदारों की समस्याओं पर ध्यान दें। ठेकेदार चुनौतियों से जूझ रहे हैं और उन्हें नगर निगम से मदद की जरूरत है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन त्यागी ने कहा कि बिना भुगतान के अब निगम में कोई कार्य नहीं किया जाएगा। निगम ठेकेदारों ने एकमुश्त कहा है कि पहले निगम बकाया राशि का भुगतान करें, उसके बाद कार्यों का पूरा किया जाएगा।

दबाव बनाकर कार्य अब निगम क्षेत्र में नहीं किये जाएंगे। ठेकेदारों ने महापौर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर को इस संबंध में सूचित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंंत्री एके शर्मा के समक्ष ठेकेदारों मौखिक रूप से ठेकेदारों की समस्याओं को बताएंगे। बैठक में महामंत्री अशोक राणा, कोषाध्यक्ष निखिल गोयल, दिनेश शर्मा, विनोद भारती, संजीव, कुणाल, प्रीतपाल सिंह खोसला, रंजीत सिंह सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।