विधानसभा की तर्ज पर नगर निकाय चुनाव में भाजपा लहराएगी परचम: डॉ. महेंद्र सिंह

नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक

गाजियाबाद। भाजपा के नगर निकाय चुनाव के महानगर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जन कल्याणकारी नीतियां निकाय चुनावों में संजीवनी बनेंगी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में विधानसभा चुनाव की तर्ज पर भाजपा परचम लहराएगी।
गुरूवार को नगर निगम समेत नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर मोहननगर स्थित कृष्णा इंजीनियिरिंग कॉलेज में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में पहुंचे निकाय चुनाव के महानगर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री डॉ.महेंद्र सिंह ने मंडल अध्यक्ष,मंडल प्रभारी,बूथ संयोजक,बूथ अध्यक्ष और बूथ प्रभारियों के साथ बैठक करते हुए संगठनात्मक कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने आहवान करते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड में कमल खिलाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता क्षेत्र में निकलें।

भाजपा की डबल इंजन की सरकार की नीतियों का शत-प्रतिशत लाभ जनता को तभी मिल सकता है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में फिर से भाजपा की जीत का परचम लहराएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को याद दिलाते हुए कहा कि पिछले साल ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों में भाजपा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। इसी प्रकार नगर निकाय के चुनाव में बूथ स्तर तक कार्ययोजना बनाकर कार्य करना होगा। वार्ड व बूथ स्तर पर भाजपा के नए व पुराने कार्यकर्ताओं,मोर्चा,प्रकोष्ठों के पदाधिकारी की सूची बनाकर उन्हें निकाय चुनाव में योजनापूर्वक सक्रिय करना होगा।

विधायक एवं महानगर चुनाव के सह प्रभारी राजीव गुंबर ने कहा कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तरह ही नगर निकाय के चुनाव में भी बूथ जीता-चुनाव जीता के मंत्र के साथ हम सब को कार्य करना है। उन्होंने कहा कि आप सभी के अनुभव और परिश्रम से भाजपा ने बहुत चुनाव लड़े और जीते है। महानगर प्रभारी अमित बाल्मीकि ने कार्यकर्ताओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में महानगर का संगठन मजबूती से कार्य कर रहा है। भाजपा पाार्टी द्वारा दिए गए सभी आयामों को सफलतापूर्वक पूरा करके हमेशा से नंबर वन रहा है। नगर निगम चुनाव में भी वह नंबर वन रहेगा।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि सभी वार्डों में टोली बनाकर लोगों को जिम्मेदारी दी जा रही है।इस बार नगर निकाय के चुनाव के लिए 2.50 लाख से अधिक वोट बनवाने का काम किया है। इससे भाजपा को चुनाव में मजबूती मिलेगी। मंचासीन राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, महापौर आशा शर्मा, महानगर चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, महानगर चुनाव सह प्रभारी राजीव गुंबर,महानगर प्रभारी अमित वाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, चुनाव संयोजक संजय कश्यप, विधायक अतुल गर्ग, नगर निकाय संयोजक बॉबी त्यागी, सह संयोजक संजीव चौधरी, गोपाल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।