पहले जैसा होगा सपा-रालोद गठबंधन का हश्र : मंत्री ब्रजेश पाठक

यशोदा हॉस्पिटल में फर्टिलिटी क्लीनिक फेटल मेडिसिन एंड मेडिकल जेनेटिक का अनावरण

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के विधायी एवं न्याय तथा ग्रामीण अभियंत्रण सेवा मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के बीच चुनावी गठबंधन पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि यूपी में पिछले विधान सभा चुनाव में भी सपा-कांग्रेस एवं रालोद ने गठबंधन किया था। उस समय गठबंधन का क्या हश्र हुआ था, यह सभी जानते हैं। मंत्री पाठक ने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में भी सपा-रालोद गठबंधन का वही हश्र होना तय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार पूर्ण बहुमत के साथ आएगी। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पुन: सरकार का गठन होगा। यूपी में सपा और रालोद की जमीनी हकीकत किसी से छुपी नहीं है। दोनों दलों के प्रति जनता में कोई उत्साह नहीं है। यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल नेहरू नगर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा मंत्री ब्रजेश पाठक ने उक्त विचार व्यक्त किए। उन्होंने चिकित्सा जगत में यशोदा अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों की जमकर प्रशंसा की। मंत्री पाठक ने यशोदा अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित फर्टिलिटी क्लीनिक फेटल मेडिसिन एंड मेडिकल जेनेटिक का उद्घाटन भी किया। देश की प्रसिद्ध आईवीएफ संस्थान की श्रृंखला सीड्स ऑफ इनोसेंस अत्याधुनिक मेडिकल जेनेटिक्स व फीटल मेडिसिन की उन्नत चिकित्सा सुविधा के साथ अब यशोदा अस्पताल में भी उपलब्ध है।सीड्स ऑफ इनोसेंस दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश का पहला आईवीएफ और फर्टिलिटी सेंटर बन गया है, जिसमें इन-हाउस एर्म्ब्योलॉजी (भ्रूण चिकित्सा) और मेडिकल जेनेटिक्स (चिकित्सा आनुवंशिकी) डिपार्टमेंट है। इस सेंटर की स्थापना देश की जानी-मानी और प्रसिद्ध आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. गौरी अग्रवाल द्वारा की गई है। गौरी अग्रवाल सीड्स ऑफ इनोसेंस की सह-संस्थापक भी हैं। सीड्स ऑफ इनोसेंस 8 भारतीय राज्यों में 14 आईवीएफ और सरोगेसी सेंटर का संचालन करता है। यह 2017 में इन-हाउस जेनेटिक टेस्टिंग लैब वाला देश का पहला आईवीएफ सेंटर भी रहा।

नए फर्टिलिटी क्लीनिक फेटल मेडिसिन एंड मेडिकल जेनेटिक के अनावरण के अवसर पर मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल प्रबंधन को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर उप्र सरकार के राज्य मंत्री अतुल गर्ग, यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स दिल्ली-एनसीआर के चेयरमैन डॉ. दिनेश अरोड़ा, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. शशि अरोड़ा, डॉ. रजत अरोड़ा,
एसएसपी पवन कुमार, एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर और सीड्स ऑफ इनोसेंस एंड जेनेस्ट्रिंग डायग्नोस्टिक सेंटर की डायरेक्टर और को-फाउंडर डॉ गौरव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।