यहां हुक्म नही काम चलेगा, नही चलेगी अस्पताल से मरीजों को रेफर करने की पंरपरा: बृजेश पाठक

संक्रामक रोगों के प्रसार पर करें नियंत्रण, सर्विलांस की बढ़ाई जाएं गतिविधियां के निर्देश
संक्रामक को लेकर अस्पताल एवं इलाकों में साफ-सफाई, फागिंग आदि का किया निरीक्षण

गाजियाबाद। मरीज को भगवान समझें। प्रयास करें कि उनको बेहतर इलाज मिले। कोई मरीज वापस नहीं लौटे। दवाओं का भरपूर इंतजाम रखा जाए। कोई कमी हो मुझे तत्काल बताएं। यहां कोई हुक्म चलाने नहीं आया, लेकिन विभाग की छवि को सुधारना होगा। शहर से लेकर गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होनी चाहिए। किसी बच्चे की जान नहीं जाए ऐसा इंतजाम करें। साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो।
यह बातें गुरुवार को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में अधिकारी व सरकारी अस्पतालों के अधीक्षकों के साथ संक्रमक रोगों की रोकथाम की समीक्षा बैठक करते हुए कहीं। उन्होंने संक्रामक रोगों पर सीधा वार करते हुए कहा कि हम सभी के व्यवहार, सकारात्मक कार्यकलापों द्वारा मच्छरों एवं उससे जनित बीमारियों से आम जनमानस को बचाया जा सकता है। उन्होने कहा कि नोडल स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के साथ-साथ जन सहभागिता के द्वारा ही, इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने समीक्षा बैठक में संचारी रोग व दस्तक अभियान को सुचारू रूप से क्रियाशील व सफल बनाने के लिए कार्य एवं उत्तरदायित्व तथा अन्य सम्बन्धित विभागों द्वारा विभागीय मॉनीटरिंग पर बल दिया तथा विभागों से निर्धारित अपेक्षित लक्ष्य व कार्य गतिविधियों को गम्भीरता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। दैनिक कार्यो, गतिविधियों को आपस में साझा करते रहें जिससे संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने जनपद में सर्विलांस की गतिविधियां बढ़ाई जाने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में नगर निगम एवं स्थानीय निकायों द्वारा साफ-सफाई, फॉगिंग, एण्टी लार्वा स्प्रे के लिए विशेष अभियान संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि संक्रामक रोगों से प्रभावित मरीजों के लिए डॉक्टर एवं दवाओं की उपलब्धता राउंड द क्लॉक सुनिश्चित रहे। अस्पताल में आने वाले हर मरीज की गहनता से जांच कराई जाए और समय रहते ही उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हुए उन्हें दवा का समुचित प्रबंध कराया जाए साथ ही संक्रामक रोगों से बचाव के लिए लोगों को प्रचार-प्रसार के माध्यम से जागरूक किए जाने के भी निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक दिन प्रार्थना सभा के बाद संचारी रोगों से बचाव के लिए बच्चों को स्वच्छता विषयक जानकारी दी जाए, जिसे वह अपने घर जाकर अपने घर वालों व पास-पड़ोसियों को जागरूक कर सकें। कार्य में शिथिलता व लापरवाही बरतने पर संबंधित पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह को निर्देशित किया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए जनपद में शुक्रवार से प्रात 6 बजे से संघन अभियान संचालित किया जाए। जिसमें सांसद, मेयर, विधायक, पार्षद, अधिकारी, सिविल डिफेंस, मीडिया कर्मी एवं आम जनमानस द्वारा प्रतिभाग किया जाए।

मरीजों को रेफर करने से पहले रजिस्टर में करें एंर्टी
डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ विभाग की टीम घर-घर जाकर डेंगू की जांच करेगीं, इसके साथ ही लोगों को घर पर ही दवा भी उपलब्ध कराएंगे। जरूरत पडऩे पर उन्हें अस्पताल लाया जाएगा और अगर जरूरत हुई तो भर्ती भी किया जाए। अब किसी भी मरीज को सरकारी अस्पताल से रेफर करने से पहले चिकित्सक को रजिस्टर में यह लिखना होगा कि आखिर मरीज को रेफर क्यों किया जा रहा है। हमारे मरीज की बीमारी के लिए कौन से इंतजाम नहीं है बाद में इन इंतजामों की समीक्षा करके स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
साहिबाबाद में प्रस्तावित सरकारी हॉस्पिटल के लिए जल्द स्वीकृति प्रदान कराने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से शासन से 4 अतिरिक्त चिकित्सा वैन जनपद को उपलब्ध कराने का निर्णय बैठक में लिया। ये वैन उपलब्ध होते ही जनपद के सभी वार्डों में जाएंगी जिसमें चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं सहायक शामिल होंगे जो घर-घर जाकर डेंगू के खिलाफ सघन अभियान चलाएंगे।

संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा जागरुकता अभियान
डीएम राकेश कुमार सिंह ने उपमुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए मीडिया, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा के नोडल अधिकारियों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, ग्राम प्रधानों का संवेदीकरण कार्यशाला का निरंतर आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जन जागरूकता के लिए संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम का जनपद स्तर से गॉव स्तर तक रैली का आयोजन किया जा रहा है। अभियान में आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विद्यालय के बच्चों को शामिल कर जन-जारूकता पर विशेष बल दिया गया। फागिंग व एंटी लारवा की टीमों द्वारा संपूर्ण जनपद में सतत क्रियान्वयन किया गया। गांव में साफ-सफाई, झाडिय़ों की कटाई व हैंडपंप के अगल-बगल साफ सफाई कराई जा रही है एवं मच्छरों के प्रकोप से बचने के लिए उनके द्वारा अनेकों अवसर पर आम जनमानस से अपील की गयी कि लोग फुल कपड़े पहने जहां पर जल-भराव हो वहां पर दवाओं आदि का छिड़काव करें।

विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान में हर घर मुहैयया हुआ उपचार
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ भवतोष शंखधर ने उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 7 से 21 अक्टूबर तक दस्तक अभियान शासन के निर्देशानुसार सफलतापूर्वक संचालित किया गया। दस्तक अभियान के अन्तर्गत बुखार, कालाजार, छय रोग, टीवी कुपोषित बच्चे एवं कोविड लक्षणयुक्त व्यक्तियों की घर-घर जाकर आशा एवं आंगनवाडी द्वारा खोज की गई।

जिला संयुक्त चिकित्सालय का उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बैठक के उपरांत डेंगू एवं संचारी रोग नियंत्रण के संबंध में सर्वप्रथम जिला संयुक्त चिकित्सालय संजय नगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का सघनता से निरीक्षण किया गया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई से लेकर अन्य कई सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए जाने के लिए विशेष निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में संबंधित चिकित्सकों को अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को सरकार के द्वारा दी जा रही सुविधाओं को सुगमता से उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मरीजों का सही समय पर उचित उपचार और उन्हें दवा भी उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डेंगू वार्ड में उपचारित मरीजों से उनका हाल-चाल जाना एवं उपस्थित चिकित्सकों को उपचार संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

डेंगू पॉजिटिव बच्चे से उपमुख्यमंत्री ने की मुलाकात
राजेंद्र नगर के सेक्टर-3 में स्थित मकान में पहुंचकर उन्होंने बच्चे का हाल-चाल जाना और उसके माता-पिता से बातचीत भी की। 5 साल का आयुष 4 अक्टूबर को डेंगू पॉजिटिव पाया गया था जिसका अस्पताल में उपचार चला था। वह ठीक होकर घर आ गया है और फिलहाल गुरुवार को वह स्कूल गया था। उप मुख्यमंत्री ने फील्ड विजिट के तौर पर आयुष के घर को चुना था।

इस इस मौके पर नगर आयुक्त नितिन गौड़, पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, उपजिलाधिकारी मोदीनगर शुभांगी शुक्ला, एसीएम साल्वी अग्रवाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएन दीक्षित, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश सिंह, डीएसओ डॉ आरके गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ जीके मिश्रा, संबंधित जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी गण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत उपस्थित रहे।