नगर निगम चुनाव को लेकर कर्मचारियों में खुशी की लहर, कई गुट ठोकेंगे ताल

-आम सभा की मीटिंग में होगा चुनाव की तारीखों का ऐलान

गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। ऐसे में कर्मचारियों के कई गुट एकाएक सक्रिय हो गया हैं। यह गुट आगामी चुनाव में ताल ठोकने की तैयारी में हैं। भविष्य में कर्मचारी संघ का मौजूदा स्वरूप बरकरार रहेगा या बदल जाएगा, इसे लेकर चर्चाएं आरंभ हो गई हैं। कर्मचारी संघ का अगला चुनाव दिलचस्प होने की उम्मीद जाहिर की जा रही है। उधर, चुनाव प्रक्रिया को लेकर आम सभा की बैठक बुलाए जाने पर कर्मचारियों ने कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया है। नगर निगम कर्मचारी संघ की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी 20 सितम्बर को पूर्ण हो जाएगा। इसके चलते नई कार्यकारिणी का चुनाव समय से संपन्न कराने के लिए कवायद प्रारंभ हो गई है। मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल एक माह से भी कम समय का रह गया है। ऐसे में नई कार्यकारिणी के चुनाव की सुगबुगाहट ने कर्मचारियों में हलचल पैदा कर दी है। इसके अलावा चुनाव मैदान में उतरने के लिए कई गुट एकाएक सक्रिय हो गए हैं। नगर निगम में कर्मचारी संघ का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण होता है। दरअसल कर्मचारी संघ कई हजार कर्मचारियों का नेतृत्व करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का निदान कराने में अहम भूमिका निभाता है।

नई कार्यकारिणी का गठन करने के लिए कर्मचारी संघ द्वारा 2 सितम्बर को आम सभा की मीटिंग बुलाई गई है। इस मीटिंग में आगामी चुनाव को लेकर रूपरेखा तैयार की जानी है। आम सभा की मीटिंग का ऐलान होने के साथ नगर निगम में कर्मचारियों के कई गुट हरकत में आ गए हैं। प्रत्येक गुट का मकसद चुनाव मैदान में उतरना और बाजी मारना है। कर्मचारी संघ के महामंत्री नितिन भारद्वाज ने बताया कि आम सभा की बैठक की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह बैेठक 2 सितम्बर को दोपहर 3 बजे नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नैन सिंह चौधरी के नेतृत्व में पिछले 3 साल से संगठन कर्मचारी हित में कार्यरत है।

कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं का निदान भी कराया गया है। चौब सिंह का कहना है कि नगर निगम कर्मचारी संघ के चुनाव समय से पूर्व होने चाहिए। इसके लिए कर्मचारी संघ के अलावा सभी कर्मचारी हरसंभव सहयोग करेंगे। कर्मचारी संघ की महत्वपूर्ण भूमिका को कतई नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। निजाम ने कहा कि कर्मचारी संघ के चुनाव के लिए आम सभा की बैठक बुलाया जाना स्वागत योग्य कदम है। निश्चित रूप से आम सभा की बैठक में चुनावी प्रक्रिया का पूरा खाका तैयार कर लिया जाएगा। मयूर गिरधर ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निदान कराने में कर्मचारी संघ हमेशा प्रत्यनशील रहा है। कर्मचारी संघ के जरिए कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा कराने में आसानी होती है। गौरव शर्मा ने कहा कि कर्मचारी संघ का चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न होना चाहिए। भविष्य में कर्मचारी संघ की चुनाव बेशक किसी को मिले, मगर कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए।