होटल में महिला का शव मिला, हत्या की आशंका, फरार व्यक्ति की तलाश

गाजियाबाद। पुराना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास बजरिया में होटल के भीतर महिला की हत्या कर दी गई। होटल के कमरे से ब्रहस्पतिवार की सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार की रात होटल में महिला से मिलने एक व्यक्ति आया था। करीब एक घंटे रूकने के बाद वह चला गया था। संबंधित व्यक्ति की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। घंटाघर कोतवाली अंतर्गत होटल आर्यदीप के कमरा नंबर-104 में ब्रहस्पतिवार की सुबह महिला का शव पड़ा मिला।

मृतका की शिनाख्त प्रियंका (48) निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात महिला ने होटल में कमरा लिया था। देर रात करीब 11 बजे महिला से मिलने के लिए एक व्यक्ति पहुंचा था। लगभग एक घंटे बाद वह व्यक्ति चला गया था। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि रात में महिला की उक्त व्यक्ति से किसी बात पर नोक-झोंक हुई। ऐसे में महिला की हत्या कर आरोपी फरार हो गया। होटल में सुबह कमरे की सफाई करने के लिए जब कर्मचारी पहुंचा तो कमरा खुला मिला। महिला का शव फर्श पर पड़ा था।

सूचना पाकर एसपी (सिटी) निपुण अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेने के उपरांत मातहतों को विभिन्न बिंदुओं पर जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर, होटल प्रबंधन ने पुलिस को अवगत कराया है कि प्रियंका अक्सर रात में देरी होने पर नाइट स्टे के लिए होटल में आकर ठहरती थी। महिला ने मिलने आए व्यक्ति का आईडी प्रूफ होटल प्रबंधन ने पुलिस को उपलब्ध कराया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।