बॉर्डर खोलने की तैयारी में किसान, गाजीपुर बॉर्डर से हटाए जा रहे टैंट, टिकैत बोले हम जाएंगे अब दिल्ली

नई दिल्ली/गाजियाबाद। 3 कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर से बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के कड़े तेवरों के बाद वह गाजीपुर बॉर्डर को खाली करने की तैयारी में नजर आ रहे हैं। वहां से टैंट हटाए जाने लगे हैं। खास बात यह है कि गाजीुपर बॉर्डर पर ओवरब्रिज के नीचे दिल्ली की तरफ की सर्विस लेन को खोल दिया गया है। इससे नागरिकों को काफी राहत मिल सकेगी। उधर, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का कहना है कि किसान अब दिल्ली जाएंगे। हम संसद तक जाएंगे। जहां कानून बनाया गया है। रास्ता खोलने के सवाल पर टिकैत ने अटपटा जबाव दिया। उन्होंने कहा कि किसानों ने कब रास्ता बंद किया था। पूरा रास्ता खोला जाएगा : भाकियू
3 कृषि कानूनों के खिलाफ लंबे समय से आंदोलन कर रहे किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर रास्ता खोल दिया है। गाजीपुर बॉर्डर पर फ्लाईओवर के नीचे दिल्ली की तरफ की सर्विस लेन को खोला गया है। नाराज कृषकों ने सबसे पहले इस रास्ते को बाधित किया था। यह कदम सुप्रीम कोर्ट में मामला जाने के बाद उठाया गया है। उधर, भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि अब दिल्ली पुलिस जाने, कि रास्ते का आगे क्या करना है। गाजीपुर बॉर्डर से टैंट हटाए जाने की बावत सवाल किए जाने पर टिकैत ने कहा कि दिल्ली जाना है हमें। उन्होंने यह भी कहा कि हमने रास्ता कहां रोका है। रास्ता पुलिस ने रोक रखा है। उन्होंने कहा कि पूरा रास्ता खोला जाएगा। सब कुछ हटा लिया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप का असर
राकेश टिकैत ने कहा कि वह दिल्ली में संसद तक जाएंगे। चूंकि संसद में कानून बनाया गया है। एकाएक रास्ता खोले जाने के सवाल पर टिकैत ने कहा कि हम कहां रास्ता खोल रहे हैं, हमें तो दिल्ली जाना है। रास्ता खोलने के लिए काफी संख्या में किसान मौजूद हैं। किसानों ने टैंट और अन्य सामान हटाना आरंभ कर दिया है। बता दें कि दिल्ली की सीमा पर किसानों द्वारा सड़कें बंद करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी नाराजगी जताई है। कोर्ट ने किसानों से कहा कि वह सड़क से हटने के संदर्भ में जवाब दाखिल करें। इसके लिए कोर्ट ने कृषकों को समय भी दिया है।