गाजियाबाद में भाजपा नेताओं की पत्नियों को टिकट देने के विरोध, महिला मोर्चा ने खोला मोर्चा

गाजियाबाद। नगर निकाय के दूसरे चरण में आगामी 11 मई को होने वाले मतदान से पहले नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, राजनीतिक दलों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस व बसपा ने अभी तक महापौर प्रत्याशी के नाम के पत्ते नहीं खोले है। भाजपा में सबसे ज्यादा महापौर का चुनाव लडऩे के लिए टिकट के दावेदारों की लंबी लिस्ट है। मगर भाजपा ब्राहमण या वैश्य समाज की महिला पर आखिरी वक्त में दांव खेलने की प्रबल संभावना दिख रही है।टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों के नाम की सूची को कोर कमेटी ने शॉर्ट लिस्ट कर लिया है। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में पार्षदों और सभासद टिकट के दावेदारों के नामों पर भी मंथन हुआ। नगर निकाय चुनाव प्रभारी एवं जिले के प्रभारी राज्यमंत्री असीम अरुण और सह प्रभारी एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त की मौजूदगी में कोर कमेटी ने प्रत्येक वार्ड से सबसे मजबूत तीन-तीन दावेदारों के नाम लिफाफे में बंद कर दिए हैं। इससे पहले महापौर और नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के दावेदारों के नामों पर मंथन किया गया था। भाजपा की कोर कमेटी ने महापौर टिकट के 34 दावेदारों की छंटनी कर पांच दावेदारों के नाम तय कर लिए हैं।

इन पांच नाम में ब्राह्मण,वैश्य,पंजाबी समाज के दावेदारों के नाम प्रमुखता से शामिल किए गए हैं। इन सभी नामों को लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष एवं कमेटी के समक्ष रखा दिया गया है। उम्मीद है कि महापौर पद की महिला सीट भाजपा इनमें से किसी एक समाज के उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारेगी। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि इन पांच नामों को प्रदेश संगठन के पास भेज दिया गया है। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के टिकट के दावेदारों में से तीन-तीन नाम प्रदेश अध्यक्ष के पास भेजे गए हैं। प्रदेश संगठन और निकाय चुनाव प्रभारी इन नाम पर मंथन करेंगे। इसके बाद नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों के नाम लखनऊ से ही फाइनल किए जाएंगे। महापौर पद के टिकट के दावेदारों में से पांच नाम में से दो के नाम लेकर प्रदेश संगठन दिल्ली में पार्लियामेंट्री कमेटी के पास जाएगा।

भाजपा की केंद्रीय समिति इनमें से एक नाम पर मुहर लगाकर उम्मीदवार तय करेगी।नगर निगम के पार्षद और नगर पालिका व नगर पंचायतों के सभासद पद के टिकट के दावेदारों के तीन-तीन नाम चयनित कर क्षेत्रीय संगठन के पास गुरूवार को भेजे गए। पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया और चुनाव प्रभारी असीम अरुण इन पर मंथन कर प्रदेश हाईकमान को एक-एक नाम भेजेंगे। प्रदेश संगठन उम्मीदवारों के इन नामों पर अंतिम मुहर लगाएगा। भाजपा महापौर प्रत्याशी की घोषणा सबसे बाद में करेंगी। 22 या 23 अप्रैल रविवार की सुबह तक पार्टी की ओर से प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जा सकती हैं। वहीं, नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों, पार्षद व सभासद पद के प्रत्याशियों के नामों की सूची संगठन 21 अप्रैल शुक्रवार तक जारी कर सकता है।

विरोध में खोला भाजपा महिला ने मोर्चा:
नगर निगम महापौर पद की सीट महिला के आरक्षित होने के चलते अब भाजपा की महिला मोर्चा ने विरोधी तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। गुरूवार को भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक के नेतृत्व में दर्जनभर से अधिक महिलाओं ने दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा जिंदाबाद के नारे भी लगाए। महानगर अध्यख पूनम कौशिक ने कहा कि महापौर सीट महिला के लिए आरक्षित है। मगर पार्टी की ओर से भाजपा की महिला मोर्चा के पदाधिकारियों में से ही टिकट मिलना चाहिए। भाजपा नेताओं की पत्नियों को पार्टी की ओर से टिकट दिया गया तो इसका सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने दिल्ली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।