2 दिवसीय काठमांडू दौरे से भारत लौटे अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के महामंत्री तरुण मिश्र

उदय भूमि संवाददाता
काठमांडू। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने शुक्रवार को नेपाल की राजधानी कांठमांडू के 2 दिवसीय दौरे के अंतिम दिन विभिन्न क्रिया-कलापों में भाग लिया। दौरा पूरा होने के उपरांत देर शाम वह भारत लौट आए। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र गुरुवार को 2 दिवसीय दौरे पर काठमांडू पहुंचे थे। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने सबसे पहले शुक्रवार की सुबह श्री पशुपतिनाथ मंदिर में बाबा के भव्य दर्शन के साथ-साथ मंदिर के प्रधान अर्चक रावल गणेश भट्ट से आशीर्वाद प्राप्त किया।

तदुपरांत उन्होंने काठमांडू ( नेपाल ) में श्री पशुपतिन क्षेत्रीय विकास न्यास के शासन परिषद के सदस्य एवं अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के अंतर्राष्ट्रीय पदाधिकारी अर्जुन प्रसाद बासतोला के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

दोपहर बाद उन्होंने नेपाल के सप्तरी जिले के साखरा में स्थित छिन्नमस्ता भगवती मंदिर में देवी के भव्य दर्शन एवं मुख्य पुजारी महाकांत ठाकुर से आशीर्वाद लिया। देर शाम वह भारत लौट आए। तरुण मिश्र ने कहा कि काठमांडू दौरा बेहद सफल रहा। संगठन द्वारा ब्राह्मण समाज के हित में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।