मेडिकल डिवाइस पार्क : 23 मई को लॉन्च होगी योजना, खुलेंगे रोजगार के द्वार

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की मेडिकल डिवाइस पार्क योजना जल्द धरातल पर उतरती नजर आएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना को लॉन्च करने की तारीख निर्धारित कर दी गई है। 23 मई को यह योजना लॉन्च कर दी जाएगी। इसके पहले चरण में 85 भूखंड आवंटित होंगे। मेडिकल उपकरण निर्माता कंपनियों को कारोबार स्थापित करने के लिए यह भूखंड आवंटित किए जाएंगे। केंद्र सरकार की मदद से यह योजना लाई गई है, जिसमें 3800 करोड़ रुपए का निवेश होने की संभावना है। इसके अलावा 15 हजार बेरोजगारों को काम मिल सकेगा। इससे बेरोजगारों की परेशानी भी दूर हो जाएगी। सेक्टर-28 में यमुना प्राधिकरण को मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित करना है। यह पार्क 350 एकड़ में विकसित करने की प्लानिंग की गई है। 2 चरण में यह काम होना है। इस प्रोजेक्ट में केंद्र सरकार भी आर्थिक मदद कर रही है। सरकार 100 करोड़ रुपए उपलब्ध कराएगी। इसकी 2 किस्त मिल चुकी हैं। मेडिकल डिवाइस पार्क योजना 23 मई को लॉन्च की जाएगी। पहले चरण की योजना 110 एकड़ के लिए होगी। इसमें 85 भूखंड होंगे।

योजना में 3800 करोड़ रुपए का निवेश आएगा। जबकि डेढ़ हजार जरूरतमंदों को रोजगार मिल सकेगा। अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के 55 हजार अवसर भी सृजित होंगे। इस योजना में मेडिकल उपकरण निर्माता कंपनियों को भूमि आवंटित की जाएगी। इसमें प्रयोगशाला में उपयोग में आने वाले उपकरण, सर्जिकल उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस, रेडियोथैरेपी में इस्तेमाल उपकरण, किडनी संबंधी इलाज में इस्तेमाल उपकरण आदि बनाए जाएंगे।

यमुना प्राधिकरण इसके अलावा 6 और भूखंडों की योजना लाएगा। ये भूखंड 4 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा बड़े होंगे। यह योजना पहले निकाली गई थी, मगर बाद में निरस्त कर दिया गया। आवंटन नीलामी के जरिए किया जाएगा। यह योजना भी 23 मई को लॉन्च करने की तैयारीहै। 23 जून को ऑनलाइन नीलामी के जरिए आवंटन किया जाएगा। आवेदक कंपनियों के लिए 85 अंक तय किए गए हैं। इसमें 60 प्रतिशत अंक लेने वाली कंपनियों को नीलामी में भाग लेने का मौका मिलेगा।

भूखंड का क्षेत्रफल                 भूखंडों की संख्या
1000                                   60
2000                                   20
4000                                   05