गाजियाबाद नगर निगम की तर्ज पर चला यमुना प्राधिकरण, गांवों में एलईडी स्ट्रीट लाइट पर काम

ग्रेटर नोएडा। गाजियाबाद नगर निगम की तर्ज पर यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) भी सड़कों को रात में रौशन रखने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। इससे नागरिकों को काफी सहुलियत मिल रही है। यमुना प्राधिकरण ने गांवों की गलियों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुधारने का बीड़ा उठाया है। वहां एलईटी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। इन लाइटों से ज्यादा प्रकाश फैल रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को रात में आवागमन करना अब सुविधाजनक हो गया है। गलियों में एलईटी स्ट्रीट लाइटें लगने से ग्रामीण भी बेहद प्रसन्न दिखाई दे रहे हैं। इस कार्य के लिए यमुना प्राधिकरण ने अधिसूचित गांवों पर फोकस किया है। यमुना प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित 29 में से 16 गांव में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेहतर की जा चुकी है। शेष 14 गांवों में यह कार्य शीघ्र आरंभ होने की उम्मीद है।

गांवों में सुविधाओं पर ध्यान
यमुना प्राधिकरण आवासीय सेक्टरों की तर्ज पर गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश में जुटा है। गांवों को बेहतर सुविधाएं देकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसी क्रम में यमुना प्राधिकरण ने गांवों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने पर ध्यान दिया है। फिलहाल 29 गांवों में यह कार्य संपन्न कराया जाएगा। तदुपरांत मास्टर प्लान फेज-1 में सम्मिलित सभी 96 गांव इस सुविधा से संतृप्त किए जाएंगे। दरअसल यमुना प्राधिकरण में अधिसूचित गांवों में पंचायत राज व्यवस्था खत्म हो गई है। इसके चलते गांवों के समुचित विकास का जिम्मा यमुना प्राधिकरण पर आ गया है। इस जिम्मेदारी का बखूवी तरीके से निर्वहन करने को विभाग कतई पीछे नहीं है।

इन क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
ज्यादातर गांवों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की देख-रेख का दायित्व अब से पहले पावर कारपोरेशन संभाल रहा है। गांवों में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय तक खराब रहने से ग्रामीणों को असुविधा हो रही है। ग्रामीणों ने यमुना प्राधिकरण से इस समस्या का समाधान किए जाने की अपील की थी। यमुना प्राधिकरण ने ग्राम सलारपुर, चक जलालाबाद, बीमरपुर, सुनेदपुर की मढैया, सक्का, जहानाबाद, निलौनी, मिर्जापुर, गुनपुरा, मोहम्मदपुर गुर्जर, धनौरी कलां, मुरादगढ़ी, मिलक, चांदपुर, अच्छेजा, पचोकरा, रूस्तमपुर, धनौरी, रबूपुरा, नंगला पदम सिंह, नगला श्रीगोपाल, कादरपुर, रौनीजा, खेरली मिलक, शाहपुर आदि में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने पर फोकस किया है।

रख-रखाव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे

Arunveer Singh, ceo
डॉ. अरुणवीर सिंह,
मुख्य कार्यपालक अधिकारी , यमुना प्राधिकरण

यमुना प्राधिकरण ने गांवों में पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त करने का काम आरंभ कराया है। चयनित गांवों में यह कार्य चल रहा है। स्ट्रीट लाइट लगाने के अलावा रख-रखाव का काम भी विभाग संभालेगा। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। एलईडी स्ट्रीट लाइट कार्य का निरंतर धरातल पर जायजा लिया जाएगा ताकि किसी प्रकार की समस्या को समय रहते दूर कराया जा सके।
डॉ. अरुणवीर सिंह
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
यमुना प्राधिकरण