आप ने चौंकाया, पंजाब में सीएम चेहरा होंगे भगवत मान, सर्वे ने बढ़ाया मान

चंडीगढ़। पंजाब में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर है। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) भी खूब दम-खम दिखा रही है। आप ने अब सीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा की है। सत्ता में आने पर पार्टी भगवत मान को सूबे की कमान सौंपेगी। आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद मान के नाम की घोषणा की है। आप द्वारा कराए गए सर्वे में भगवत मान को सीएम पद के लिए सबसे ज्यादा पसंद किया गया है। आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पिछले सप्ताह पार्टी की तरफ से फोन नंबर जारी कर जनता के मूड को जानने का प्रयास किया गया था, जिसमें भगवंत मान का नाम टॉप पर रहा।

21 लाख से ज्यादा मैसेज व फोन आए। उन्होंने दावा किया कि सर्वे में पंजाब में आप की सरकार सत्ता में आ रही है। 93.7 फीसद नागरिकों ने भगवंत मान का नाम दिया। यानी पंजाब के अगले सीएम भगवंत मान होंगे। इस नंबर पर सोमवार की शाम 5 बजे तक 21.59 लाख नागरिकों ने अपनी राय दी। इनमें से सर्वाधिक नागरिकों ने भगवंत मान को पसंद किया। उन्हें सीएम चेहरा बनाने के लिए अपनी राय दी। हालांकि कई ने अरविंद केजरीवाल और कुंवर विजय प्रताप सिंह को मुख्यमंत्री चेहरा बनाने के लिए अपनी राय दी, मगर सबसे ज्यादा समर्थन भगवंत मान को मिला है।

उधर, भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के नागरिकों और आप ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह उसे दोगुने हौसले से निभाएंगे। पंजाब की रौनक फिर से लौटाना उनका सपना है। बता दें कि भगवंत मान इस समय संगरूर से सांसद हैं। वह अपने लोकसभा क्षेत्र के विधान सभा क्षेत्र धूरी से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। भगवंत मान ने सभी विधान सभा क्षेत्रों पर जा-जाकर जनता को पार्टी के लिए संगठित किया है।