पीएम मोदी ने देशवासियों के सपने को साकार किया : चंद्रवंशी

-भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित

पटना। भाजपा केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के सह प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब तक देश एवं समाजहित में जो कार्य किए हैं, वह पहले कभी नहीं किए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से 370 और 35ए हटाकर संपूर्ण देशवासियों के सपने को साकार किया है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद प्रधानमंत्री द्वारा अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया था। जल्द  मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण कर राष्ट्र को समर्पित कर दिया जाएगा। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में भारत के राष्ट्रवाद के प्रमुख चिंतक राज्यसभा सदस्य राकेश सिन्हा ने 2014 के बाद युगांतकारी परिवर्तन को लेकर बात कही। उन्होंने कहा कि देश में मूलभूत समस्या थी, उसका निराकरण करने में प्रधानमंत्री का अहम योगदान रहा है। भारत आज विकसित के साथ-साथ विश्व गुरु के मार्ग पर आगे बढ़ा है। 2014 के बाद भारत परिवर्तन की राह के कारण विकसित देशों की श्रेणी में आ चुका है। तीसरे सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसवेक संघ के दक्षिण बिहार प्रांत प्रचारक राणा प्रताप प्रशिक्षण शिविर को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जहां जाते हैं, वहां अपनी संस्कृति के तहत पहचान बनाते हैं। नेपाल जाते हैं तो वहां के शिव भक्तों के रूप में पशुपतिनाथ के दर्शन करते हैं, बांग्लादेश जाते हैं तो वहां के देवी मंदिर में पूजा अर्चना करते हैं। सत्र का समापन राष्ट्रगान से हुआ। अंत में जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा एवं जिला प्रभारी टीएन सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर रामजी मांझी, डॉ. श्याम देव पासवान, राजीव नंदन दांगी, राजेंद्र प्रसाद, अजय कुमार तन्नी, राजेश कुमार सिंह, गोपाल यादव, प्रशांत कुमार विनोद सिंह, संतोष ठाकुर, ललिता सिंह, मुकेश कुमार, चुन्नू सिंह, वंदना कुमारी, कृति सागर आदि मौजूद रहे।