तमिलनाडु दौरे पर तरुण मिश्र, भाजपा नेत्री खुशबू से मुलाकात की

ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श

नई दिल्ली। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र इन दिनों तमिलनाडु के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में फिल्म निर्माता, निर्देशक, अभिनेत्री एवं भाजपा नेत्री खुशबू से मुलाकात की। इस दौरान संगठन के कार्यक्रमों के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की गई। तरुण मिश्र ने ब्राह्मण समाज के कल्याण के लिए संगठन स्तर से जारी प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में ब्राह्मण समाज की सुरक्षा का मुद्दा बेहद महत्वपूर्ण है। समाज को आज विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। यह चिंताजनक है।

राजनीतिक एवं सामाजिक स्तर पर ब्राह्मण समाज को सुरक्षा एवं समर्थन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन कराने के लिए मुहिम छेड़ी गई है। इस सिलसिले में वह विभिन्न राज्यों का दौरा कर चुके हैं। ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन के लिए विभिन्न सरकारों से अनुरोध किया गया है। यह बोर्ड गठित होने से उत्पीडऩ का शिकार ब्राह्मणों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी बल्कि समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकेगा।

अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के महामंत्री तरुण मिश्र ने संगठन की इस मुहिम के लिए भाजपा नेत्री खुशबू से भी सहयोग करने की अपील की। तमिलाडु में भी ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की जरूरत पर जोर दिया गया। तरुण मिश्र ने भाजपा नेत्री को यह भी अवगत कराया कि अगले माह संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होनी है। इस बैठक में भी यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया जाएगा। भाजपा नेत्री खुशबू ने तरुण मिश्र के विचारों को जानने के बाद अपने स्तर से हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।